Homeआरा भोजपुरजगदीशपुरबिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया पूर्व विधायक को फोन

बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया पूर्व विधायक को फोन

Power Crisis in Jagdishpur: ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

jay kumar
  • हाइलाइट: Power Crisis in Jagdishpur
  • जगदीशपुर में बिजली संकट
  • दलीपुर गांव छह दिनों से अंधेरे में
  • बभनियाव गांव का ट्रांसफार्मर खराब

आरा, भोजपुर। जिला के जगदीशपुर प्रखंड का सबसे बड़ा गांव बाजार दलीपुर वर्तमान में गंभीर बिजली संकट से जूझ रहा है। पिछले छह दिनों से गांव का ट्रांसफार्मर जला हुआ है, जिसके कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच गांव के निवासी, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पेयजल की समस्या और स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही के चलते ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है।

शुक्रवार की सुबह, स्थानीय निवासी मो. कलाम और अन्य ग्रामीणों ने इस समस्या से जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने के कारण गांव में जीवन दूभर हो गया है और प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि सुध लेने नहीं आ रहा है।

Power Crisis in Jagdishpur : विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों से संपर्क

पूर्व विधायक भाई दिनेश ने ग्रामीणों की समस्या को अत्यंत गंभीरता से लिया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों से संपर्क साधा। इस संबंध में उन्होंने अधीक्षण अभियंता (आरा), कार्यपालक अभियंता (जगदीशपुर एवं बिहिया) तथा कनीय अभियंता (जगदीशपुर) से विस्तृत चर्चा की और मांग की कि दलीपुर में अविलंब नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए ताकि ग्रामीणों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके।

बभनियाव गांव में ट्रांसफार्मर खराब

इसी क्रम में शिक्षक नेता एवं बभनियाव गांव की ग्रामीण जनता द्वारा भाई दिनेश को सूचना दी गई कि गांव का ट्रांसफार्मर कल से खराब पड़ा हुआ है, जिसके कारण आधा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है तथा लोगों को भीषण गर्मी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलते ही पूर्व विधायक भाई दिनेश ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कार्यपालक अभियंता विद्युत बोर्ड जगदीशपुर-बिहिया को अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने को कहा।

विदित हो कि यह क्षेत्र बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग मंत्री श्री भगवान सिंह कुशवाहा के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस संवेदनहीनता को समाप्त करेगा और त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में बिजली व्यवस्था को पुन: बहाल करेगा।

Bijay singh
Khabareapki
Khabareapki
Khabar Apki News Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular