Homeआरा भोजपुरशाहपुरशाहपुर में रामनवमी शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

शाहपुर में रामनवमी शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

जय श्रीराम के गगनभेदी नारों और लहराते भगवा ध्वजों से संपूर्ण क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

Ram Navami Procession Shahpur: शाहपुर में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान कलाकारों द्वारा माँ काली और शिव तांडव की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जमा रही।

  • हाइलाइट: Ram Navami Procession Shahpur
  • शाहपुर में दिखा भक्ति और भव्यता का संगम
  • रामनवमी पर निकाली गई ऐतिहासिक शोभायात्रा
  • शोभायात्रा में शामिल हुए विधायक राकेश रंजन ओझा

शाहपुर,आरा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव, रामनवमी के शुभ अवसर पर शाहपुर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रीराम नवमी पूजा समिति, शाहपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। जय श्रीराम के गगनभेदी नारों और लहराते भगवा ध्वजों से संपूर्ण क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

शाहपुर रामनवमी शोभायात्रा में विधायक राकेश रंजन ओझा

स्थानीय विधायक राकेश रंजन ओझा की उपस्थिति में शोभायात्रा का शुभारंभ शाहपुर वार्ड-08 स्थित महावीरा स्थान पर विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात हुआ। इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान श्रीराम की अत्यंत आकर्षक झांकी रथ पर सवार होकर चल रही थी, जिसे निहारने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरी यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और रामायण की चौपाइयों के गायन ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

Ram Navami Procession Shahpur: वृंदावन और बनारस के कलाकारों द्वारा माँ काली और शिव तांडव

Ram Navami Procession Shahpur: वृंदावन और बनारस के कलाकारों द्वारा माँ काली और शिव तांडव
Ram Navami Procession Shahpur: वृंदावन और बनारस के कलाकारों द्वारा माँ काली और शिव तांडव

इस वर्ष की शोभायात्रा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का विशेष स्तर देखने को मिला। वृंदावन और बनारस से विशेष रूप से आमंत्रित कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई विभिन्न झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत झावर नृत्य ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष आकर्षण के रूप में टेड़ी गली मोड़ के समीप कलाकारों द्वारा माँ काली और शिव तांडव की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जमा रही। वही समिति के अध्यक्ष रविरंजन अहीर, सचिव मनीष यादव, कोषाध्यक्ष आजाद गुप्ता व अन्य सदस्यों द्वारा शोभायात्रा को नियंत्रित किया जाता रहा।

शाहपुर महावीरा स्थान से शुरू होकर यह शोभायात्रा एनएच-84 बड़ी मठिया, टेढ़ी गली, छोटी मठिया, पुरानी बाजार, बनाही रोड और सरना-भरौली रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई, आम जनमानस स्वतः ही इसमें जुड़ता चला गया और पूरा इलाका आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।। स्थिति यह थी कि लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर रहे थे और उसकी एक झलक पाने के लिए घंटों प्रतीक्षा करते रहे।

प्रचंड धूप और गर्मी को देखते हुए जगह-जगह सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया था। स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए फल, शीतल पेय और नींबू पानी की व्यापक व्यवस्था की गई थी। दोपहर के पश्चात मौसम ने भी करवट बदली और आकाश में काले बादल छाने के साथ ही हल्की-हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिससे श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।

शाहपुर में प्रशासनिक व्यवस्था रही पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त

शाहपुर में प्रशासनिक व्यवस्था रही पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी शत्रुंजय कुमार सिंह, प्रभारी अंचलाधिकारी तथा शाहपुर नगर पंचायत के कनीय अभियंता जयनंदन चौधरी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार के नेतृत्व में पुलिस बल निरंतर शोभायात्रा के साथ चलता रहा, जबकि प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मार्ग की सघन निगरानी की गई।

जन सुरक्षा और किसी भी संभावित दुर्घटना की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए विद्युत विभाग द्वारा दोपहर बाद बिजली आपूर्ति एहतियातन बाधित कर दी गई थी, और विभाग के कर्मी भी निरंतर सजगता के साथ क्षेत्र में तैनात रहे। श्रीराम नवमी पूजा समिति के सदस्यों के समर्पण और स्थानीय प्रशासन के सहयोग फलस्वरूप शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुई।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular