Shahpur City Government: समय के साथ, शाहपुर ने विकास के कई पड़ावों को पार किया है, लेकिन आज भी यह नगर कई मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है।
- हाइलाइट: Shahpur City Government
- शाहपुर नगर पंचायत में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव
आरा: शाहपुर में नगर सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है। नगर के निवासियों को स्वच्छ पेयजल, जल निकासी व्यवस्था, सड़क, स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। समय के साथ, शाहपुर ने विकास के कई पड़ावों को पार किया है, लेकिन आज भी यह नगर कई मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। यह अभाव आम नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है।
स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति: शाहपुर के निवासियों के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। अधिकांश क्षेत्रों में, नगर पंचायत द्वारा आपूर्ति किया जाने वाला पानी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच रहा है। इसके कारण, गरीब अपने स्वास्थ्य को जोखिम में डालकर अनुपचारित जल का ही सेवन करते हैं।
नगर पंचायत के दावों के विपरीत, अधिकांश स्थानों पर पानी की सप्लाई बंद है। जहां चालू है वहां पाइपलाइनें जर्जर हो चुकी हैं और उनमें से रिसाव होता रहता है। इससे न केवल पानी की बर्बादी होती है, बल्कि नालियों का गंदा पानी भी पेयजल में मिल जाता है। नियमित रखरखाव और मरम्मत के अभाव में, यह समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है।
जल निकासी की व्यवस्था बदहाल : शाहपुर में जल निकासी व्यवस्था की स्थिति अत्यंत दयनीय है। मानसून के दौरान ही नहीं बल्कि सालों भर कई वार्डों में जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। वार्ड संख्या-08 के अधिकांश हिस्से जलमग्न रहती है। नालियों का निर्माण या तो अधूरा है, या फिर वे ठीक से साफ न किए जाने के कारण जाम हो चुकी हैं। कई क्षेत्रों में तो नालियों का अस्तित्व ही नहीं है।
अनियोजित पार्किंग और सड़क जाम : शाहपुर नगर पंचायत के प्रमुख सड़कों में करनामेपुर व बनाही रोड समेत नगर की लाइफ लाइन NH-84 में यातायात प्रबंधन भी एक बड़ी चुनौती है। अनियोजित पार्किंग, अतिक्रमित सड़कें और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन: नगर पंचायत के कई वार्डों से नियमित रूप से कचरा को उठाया नहीं जाता। नगर के अधीन होने के बावजूद क्षेत्र में स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नगर में कूड़ा निपटान की कोई सुव्यवस्थित व्यवस्था नहीं है। जिससे पूरा नगर गंदगी की गिरफ्त में है।











