Shahpur Nagar Panchayat: शाहपुर नगर पंचायत: 11 वार्डों के बजट का आधा हिस्सा केवल एक वार्ड पर खर्च, पारदर्शिता पर उठे सवाल
- हाइलाइट: Shahpur Nagar Panchayat
- शाहपुर का पैसा भी गोपालपुर में खर्च किया जा रहा है: पूर्व उपाध्यक्ष गुप्तेश्वर शाह
- वार्ड-07 में विकास कार्य आवश्यकता के आधार पर नहीं, बल्कि किसी अन्य मानदंड पर किया जा रहा है: नसीम
- मामले की पूरी जांच करवाएंगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी: झुनीया देवी
आरा, बिहार। भोजपुर के शाहपुर नगर पंचायत में वित्तीय खर्च को लेकर एक गंभीर मुद्दा सामने आया है, जिसने नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के कुल 11 वार्डों के लिए आवंटित बजट का चौंकाने वाला 50% हिस्सा केवल एक ही वार्ड में खर्च किया जा रहा है।
यह मामला तब प्रकाश में आया जब नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी के प्रतिनिधि गुप्तेश्वर साह द्वारा इसकी पड़ताल की गई। नगर के वार्डों में घूमकर समीक्षा करने के दौरान पता चला कि जहां अन्य वार्ड मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक विशेष वार्ड में कुल बजट का आधा हिस्सा खर्च किया जा रहा है। इस तरह के एकाकी विकास से अन्य दस वार्डों में विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
इधर, पूर्व उपचेयरमैन गुप्तेश्वर शाह ने इस गंभीर वित्तीय अनियमितता पर अधिकतर पार्षदों की चुप्पी को चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा की शाहपुर का पैसा गोपालपुर जा रहा है और नगर पंचायत की बैठकों में इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा न होना या किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराना, कई सवाल खड़े करता है। विकास निधि का उपयोग निष्पक्ष और समान रूप से नहीं हो रहा है। इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिये।
नगर के वार्ड-02 निवासी नसीम शाह ने कहा की शाहपुर नपं के बजट का 50% पैसा केवल वार्ड-07 में खर्च करना, यह न केवल अन्य वार्डों के विकास को बाधित कर रहा है, बल्कि वित्तीय पारदर्शिता और न्यायसंगत विकास के सिद्धांतों के विरुद्ध है। गोपालपुर (वार्ड-07) के गलियों में भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा की यहां विकास आवश्यकता के आधार पर नहीं, बल्कि किसी अन्य मानदंड पर किया गया है।
शाहपुर नगर पंचायत की उपमुख्य पार्षद श्रीमती झुनीया देवी ने इस वित्तीय असमानता पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि वे इस मामले की पूरी जांच करवाएंगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। श्रीमती देवी ने जनता को भरोसा दिलाया है कि वे विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने और भविष्य में ऐसी असमानताओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएंगी। वही इस मामले में नपं के एक अधिकारी ने बताया की ऐसा नहीं है।


