Shahpur Urban Area: भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप अपने चरम पर है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो गया है।
- हाइलाइट:
- बढ़ता मच्छरों का प्रकोप जनस्वास्थ्य के लिए बना गंभीर संकट
- वर्ष 2026 की शुरुआत से लेकर अब तक एक बार भी फॉगिंग नहीं
आरा, भोजपुर। जिले के शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप अपनी चरम सीमा पर पहुंच गया है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों का सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। नगर में लंबे समय से फॉगिंग न कराए जाने के कारण मच्छरों की आबादी में हुई अप्रत्याशित वृद्धि ने नागरिकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। विशेष रूप से जल जमाव वाले वार्डों में स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है, जहां मच्छरों का प्रजनन तेजी से हो रहा है।
Shahpur Urban Area: घरों के भीतर मच्छरों का आतंक
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जैसे ही शाम ढलती है, घरों के भीतर मच्छरों का आतंक शुरू हो जाता है। यह स्थिति बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर के भीतर सामान्य वातावरण में रहना भी दुश्वार हो गया है। प्राप्त जानकारी और निवासियों की शिकायतों के अनुसार, वर्ष 2026 की शुरुआत से लेकर अब तक नगर पंचायत द्वारा एक बार भी व्यापक फॉगिंग की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है, जो नगर प्रशासन की उदासीनता को दर्शाती है।
कीटनाशकों का छिड़काव नहीं
नगर की सफाई व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। नगर पंचायत द्वारा न तो कीटनाशकों का छिड़काव किया जा रहा है और न ही नालियों में चूना या ब्लीचिंग पाउडर का प्रयोग किया जा रहा है। नालियों की नियमित सफाई न होने और जगह-जगह जल जमाव के कारण मच्छरों को पनपने के लिए पूरी तरह अनुकूल परिस्थितियां मिल रही हैं।
नगर पंचायत की लापरवाही से नागरिकों का स्वास्थ्य खतरे में है: विनय मिश्रा
वार्ड संख्या-08 के निवासी भाजपा नेता विनय मिश्रा ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पंचायत की घोर लापरवाही के कारण नागरिकों का स्वास्थ्य खतरे में है। मच्छरों के बढ़ते प्रभाव से क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी जानलेवा बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते एहतियाती कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति अनियंत्रित हो सकती है। उन्होंने नगर प्रशासन से मांग की है कि अविलंब पूरे नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराई जाए और सफाई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए।


