Suraj Kumar Suhiyan: रविवार को दोपहर में करीब 65 घंटे की कठिन खोजबीन के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने किशोर का शव बरामद किया।
- हाइलाइट: Suraj Kumar Suhiyan
- एसडीआरएफ ने 65 घंटे बाद बरामद किया शव सुहियां गांव में पसरा मातम
आरा,भोजपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सुहियां गांव में उस समय मातम और चीख-पुकार का माहौल गहरा गया, जब दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने गया 17 वर्षीय किशोर गंगा नदी में डूबकर लापता हो गया। रविवार को दोपहर में करीब 65 घंटे की कठिन खोजबीन के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने किशोर का शव बरामद किया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Suraj Kumar Suhiyan : बक्सर जिले के नैनीजोर बिहार घाट स्थित श्मशान घाट की घटना
मृतक सूरज कुमार सुहियां गांव निवासी दिलीप सिंह उर्फ छोटे सिंह का इकलौता पुत्र था। सूरज इंटर का छात्र था और उसके पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग कोलकाता में है। परिवार में दादी के निधन के बाद शुक्रवार की शाम अंतिम संस्कार के लिए सभी लोग बक्सर जिले के नैनीजोर बिहार घाट स्थित श्मशान घाट पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार अंतिम संस्कार संपन्न होने के बाद परिवार के सदस्य गंगा स्नान और तिलांजलि देने नदी में उतरे थे। इसी दौरान अचानक चार लोग गहरे पानी की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित प्रयास से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन सूरज तेज धारा और गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमों को खोज अभियान में लगाया गया। लगातार 65 घंटे तक चले रेस्क्यू आपरेशन के बाद गोताखोरों ने सूरज का शव बरामद किया। एक ही परिवार में पहले दादी की मौत और फिर इकलौते पोते की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुहियां पंचायत के मुखिया सोनू सिंह भी पिछले दो दिनों से परिवार के साथ डटे रहे और हरसंभव सहयोग में जुटे रहे। सुहियां गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के लोग स्तब्ध हैं और हर आंख नम है। सूरज की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।


