Homeआरा भोजपुरशाहपुरशाहपुर की तान्या कुमारी ने इंटरमीडिएट आर्ट्स में प्राप्त किया 91.6 प्रतिशत...

शाहपुर की तान्या कुमारी ने इंटरमीडिएट आर्ट्स में प्राप्त किया 91.6 प्रतिशत अंक

Intermediate Arts : भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत की एक होनहार छात्रा ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो तो संसाधनों का अभाव कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकता। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 04 निवासी इंद्रमणि कांत राम और श्रीमती फुला देवी की सुपुत्री तान्या कुमारी ने इंटरमीडिएट कला संकाय की परीक्षा में 91.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि विधालय का मान भी बढ़ाया है।

तान्या की इस सफलता के पीछे उसके कड़े परिश्रम और परिवार के अटूट समर्पण की कहानी छिपी है। हरिनारायण उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज की छात्रा रही तान्या एक गरीब परिवार से आती हैं। उनके पिता इंद्रमणि कांत राम प्रतिदिन मजदूरी कर अपने आठ सदस्यों वाले परिवार का भरण-पोषण करते हैं। तान्या कुल पांच भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर हैं, जिनसे बड़े दो भाई और छोटी दो बहनें हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद तान्या ने कभी अपनी पढ़ाई से समझौता नहीं किया और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा।

Intermediate Arts: प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती है तान्या

अपनी इस गौरवशाली उपलब्धि का श्रेय तान्या कुमारी ने अपने माता-पिता, बड़े भाइयों और विशेष रूप से अपने गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के प्रोत्साहन ने उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने की शक्ति दी। भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हुए तान्या ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य अब बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर एक प्रशासनिक अधिकारी बनने का है, ताकि वे समाज की सेवा कर सकें।

तान्या की इस विशिष्ट उपलब्धि पर स्थानीय स्तर पर भी खुशी का माहौल है। तान्या की सफलता की सूचना मिलते ही वार्ड संख्या 04 के पार्षद कामेश्वर राज ने छात्रा के आवास पर जाकर उन्हें अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तान्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा निरंतर जारी रखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular