Homeआरा भोजपुरकोइलवरसोन में नहाने गए तीन छात्र डूबे, दो का शव बरामद, तीसरे...

सोन में नहाने गए तीन छात्र डूबे, दो का शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी

Purana Haripur: भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के पुराना हरिपुर गांव के समीप सोन नदी में रविवार की दोपहर नहाने के दौरान तीन छात्र डूब गये।

jay kumar
  • हाइलाइट: Purana Haripur
    • अवैध बालू खनन के गड्ढे बने मौत का कारण
    • एसडीआरएफ टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, पुराना हरिपुर गांव में मातम,

आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के पुराना हरिपुर गांव के समीप सोन नदी में रविवार की दोपहर नहाने के दौरान तीन छात्र डूब गये। अवैध बालू खनन के दौरान खोदे गए गहरे गड्ढे (ढाब) में फंसकर तीनो डूब गए। इस हृदय विदारक हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीसरे छात्र की तलाश देर शाम तक जारी रही। इस घटना से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के पुराना हरिपुर निवासी धीरज सिंह के 14 वर्षीय पुत्र आदर्श कुमार उर्फ लड्डू और संजीव कुमार सिंह के 14 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। वहीं, शशि भूषण गुप्ता के 22 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार अभी लापता हैं। मृतक आदर्श और गौरव कक्षा नौवीं के छात्र थे, जबकि लापता विशाल स्नातक पार्ट-3 का छात्र है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों छात्र सोन नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पहले गौरव का पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में आदर्श ने हाथ बढ़ाया, लेकिन वह भी गहरे गड्ढे में फंस गया। दोनों को बचाने के क्रम में विशाल भी पानी में कूद पड़ा और तीनों एक साथ गहरे पानी में समा गए। जब तक आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, तब तक वे डूब चुके थे। प्रशासन द्वारा लापता छात्र की खोजबीन जारी है।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular