Vote Counting: मतगणना कार्य को स्वच्छ शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस-प्रशासन चौकस
हाइलाइट: Vote Counting
राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, आरा में सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
आरा। बिहार विधान परिषद के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत 14 मई गुरुवार को मतगणना होगा। मतगणना कार्य को स्वच्छ, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, आरा में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की गई।
Vote Counting : ब्रीफिंग के दौरान भोजपुर डीएम ने दिए निर्देश
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतगणना परिसर में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों की सघन फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए तथा यह विशेष रूप से ध्यान रखा जाए कि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति परिसर में प्रवेश न कर सके। इसके साथ ही मतगणना दिवस एवं मतगणना उपरांत विधि-व्यवस्था संधारण हेतु पर्याप्त तैयारी एवं प्रशासनिक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। अशांति फैलाने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिला एवं प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों, टोलों एवं संवेदनशील स्थानों का जातीय, वर्गीय एवं सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अध्ययन करने तथा चुनाव परिणाम घोषित होने के उपरांत संभावित टकराव वाले स्थलों पर ऐतिहासिक एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने, अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए छापेमारी करने, अवैध शराब के विरुद्ध अभियान तेज करने तथा सक्रिय अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष चौकसी एवं गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी स्थान पर असामान्य स्थिति उत्पन्न न हो तथा विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित एवं सामान्य बनी रहे। इस अवसर पर नोडल पदाधिकारी विधि व्यवस्था कोषांग, नोडल पदाधिकारी कार्मिक कोषांग, अनुमंडल पदाधिकारी आरा सदर, नोडल पदाधिकारी स्ट्रांग रूम, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।


