Wheat Crop: भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बरिसवन गांव के बधार में सोमवार की दोपहर बिजली के तार से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते गेहूं के खेत को अपनी चपेट में ले लिया।
- हाइलाइट:Wheat Crop
- किसान बोले: आमतौर पर सुबह 11 बजे बिजली काट दी जाती थी
- सोमवार को किन्हीं कारणों से बिजली की आपूर्ति बंद नहीं की गई थी
- किसानों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोश
आरा, भोजपुर। जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बरिसवन गांव के बधार में सोमवार की दोपहर आगजनी की घटना सामने आई है, जिसमें किसानों की खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। इस घटना से क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
इस घटना के संबंध में स्थानीय किसान कपिल तिवारी ने बताया कि आग लगने का मुख्य कारण बिजली की तार का टूटकर खेत में गिरना है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर सुबह 11 बजे बिजली काट दी जाती है, जिससे इस तरह के संभावित खतरों से बचाव रहता है। हालांकि, आज किन्हीं कारणों से बिजली की आपूर्ति बंद नहीं की गई थी, जिसके चलते बिजली के तार से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते करीब 10 बीघा से ज्यादा गेहूं के खेत को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भीषण थी कि यदि इसे समय रहते नियंत्रित नहीं किया जाता, तो यह कर्जा बधार तक फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था। राहत की बात यह रही कि बीच के खेत में मसूरी की फसल पहले ही काटी जा चुकी थी, जिसके कारण आग आगे नहीं बढ़ पाई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एकजुटता का परिचय दिया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
Wheat Crop: किसानों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोश
सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना से दमकल की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक ग्रामीणों के साहसी प्रयासों से आग को पूरी तरह बुझाया जा चुका था। इस घटना के बाद से किसानों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोश है। किसानों ने नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजे की मांग की है।


