- हाइलाइट: Bhojpur police in Headlines
- चार महीने में मुठभेड़ की तीन वारदात, गोली लगने के बाद पकड़े गए छह अपराधी
- नौ मार्च को जगदीशपुर, 10 मार्च को बड़हरा और 22 जुलाई को बिहिया में एनकाउंटर
बिहार (आरा)। भोजपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ फुल एक्शन मोड में आ गयी है। पुलिस किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शने वाली नहीं है। हाल के महीनों में अपनी सक्रियता के लिए सुर्खियों में रही है। चार महीने में मुठभेड़ की तीन कहानी कुछ ऐसा ही बयां कर रही है। बता दें कि 10 मार्च की सुबह आरा के तनिष्क में लूट के बाद भाग रहे अपराधियों की पीछा करने के दौरान पुलिस की लुटेरों के साथ मुठभेड़ हो गई थी। उस दौरान गोली लगने के बाद दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। उनके पास से एक झोला लूटे गए जेवर और हथियार भी बरामद किए गए थे। दोनों वैशाली जिले के रहने वाले थे। मुठभेड़ बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा और बिंदगांवा के समीप हुई थी।
उस घटना से महज 18 घंटे पूर्व नौ यानी मार्च की शाम जगदीशपुर इलाके में प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार कर भाग रहे कुख्यात छोटू मिश्रा सहित दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद दोनों को पकड़ा गया था। दोनों के पैर में गोली लगी थी। हालांकि तीन रोज बाद में छोटू मिश्रा की मौत हो गई थी। उस घटना के करीब दस महीने पूर्व सात जून 2024 में चरपोखरी थाना क्षेत्र के कथराई और सियाडीह गांव के बीच लूटपाट कर भाग रहे अपराधियों से मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था। तीनों जगदीशपुर इलाके में लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे थे।
Bhojpur police in Headlines: पिछले साल भी दो बार पुलिस के साथ अपराधियों की हुई थी मुठभेड़
दो अप्रैल 2024 की सुबह उदवंतनगर इलाके में हत्या कर भाग रहे दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया था। मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से जख्मी हो गये थे। घटना दो अप्रैल की सुबह हुई थी। हुआ यह था कि उदवंतनगर थाना क्षेत्र के रघुनीपुर गांव निवासी रामाधार सिंह अपने बेटों के साथ गेहूं की फसल काट रहे थे। तभी उनके विरोधियों की ओर से रामाधार सिंह और उनके एक बेटे को गोलियों से भून डाला गया था। उसमें दोनों की मौत हो गई थी। बाद मे भागने के दौरान अपराधियों की ओर से पुलिस पर फायरिंग भी की गयी थी। तब एसपी रहे प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गयी थी। उसमें दो अपराधी गोली लगने के बाद गिरफ्तारी किये गये थे।
इसी तरह 10 अप्रैल 2023 की सुबह नगर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद लूट पाट कर भाग रहे एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके पास से लूटा गया सारे पैसे भी बरामद कर लिए गए थे। मुठभेड़ के दौरान उस अपराधी और एक जवान को भी गोली लगी थी। बता दें तब एक पेट्रोल पंप के मालिक अपने स्टाफ के साथ नगर थाना के बगल में स्थित बैंक में पैसे जमा करने गये थे। तभी अपराधियों द्वारा उनका पैसा लूट लिया गया था। पुलिस ने पीछा किया तो अपराधियों द्वारा फायरिंग की जाने लगी थी। उस समय भी पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया था।


