Standing Committee : आरा नगर निगम कार्यालय में शुक्रवार सशक्त स्थायी समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महापौर इंदु देवी ने की।
- हाइलाइट: Standing Committee
- विभिन्न वार्ड एवं चौक-चौराहे पर लगेगी 5 हजार नई स्ट्रीट लाइट्स
- शहर के चिन्हित स्थानों पर 20 हाई मास्क लाइट्स भी लगाई जाएंगी
- दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ आदि प्रमुख पर्वों को ध्यान में रखते हुए चलेगा विशेष सफाई अभियान
- आरा नगर निगम की सशक्त स्थाई समिति की बैठक संपन्न
- महापौर इंदू देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक
- शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, रोशनी, यातायात आदि को लेकर लिए गये कई महत्वपूर्ण निर्णय
आरा। नगर निगम कार्यालय में शुक्रवार सशक्त स्थायी समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महापौर इंदु देवी ने की। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, रोशनी, यातायात और जनसुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। शहरी क्षेत्र में विभिन्न वार्ड एवं चौक चौराहा रोशनी से जगमग होंगे। महापौर इंदु देवी ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर 5 हजार नई स्ट्रीट लाइट्स एवं 20 हाई मास्क लाइट्स लगाई जाएंगी, जिससे रात में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
वही शहर के जेल रोड स्थित जेल के पास खाली पड़ी भूमि पर नए पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। सड़क सुरक्षा हेतु डिवाइडर निर्माण शीशमहल चौक से गोपाली चौक और जेल रोड से शिवगंज तक की मुख्य सड़कों पर लोहे की ग्रिल युक्त डिवाइडर लगाए जाएंगे, ताकि यातायात नियंत्रित और सुरक्षित रहे।
बैठक में वार्ड संख्या 21 के पार्षद ने बताया कि उन स्थानों पर जहां नियमित कचरा वाहन नहीं पहुँचते, वहां स्थायी रूप से एक सफाई वाहन तैनात रहेगा, जिसमें स्थानीय निवासी कचरा सीधे डाल सकें। साथ ही, होटल एवं दुकानदारों को निर्देशित किया जाएगा कि वे निर्धारित समय पर कचरा बाहर निकालें, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ आदि प्रमुख पर्वों को ध्यान में रखते हुए शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, स्वच्छता से संबंधित उपकरणों की खरीदारी की जाएगी, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। वही वार्ड 22 की पार्षद रेखा जैन ने घंटाघर को ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए उसका शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की, जिसे समिति ने सकारात्मक रूप से लिया। महापौर ने स्पष्ट किया कि यदि किसी को आवंटित दुकानधारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार द्वारा दुकान संचालन की जांच की जाएगी, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहें।
मेयर इंदु देवी ने घोषणा की कि चौक से स्टेशन तक की सड़क के दोनों ओर आकर्षक तिरंगा लाइटें लगाई जाएंगी। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर रेडियमयुक्त नेम प्लेट बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे रात में भी स्पष्टता बनी रहे। शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल संकट के समाधान हेतु नए समरसेबल पंप अधिष्ठापित किए जाएंगे।
वही नगर आयुक्त द्वारा स्वच्छता पदाधिकारी को आदेशित किया गया कि शहर से दो शिफ्टों में कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगर आयुक्त अंजू कुमारी, उप नगर आयुक्त कोमल कुमारी, सिटी मैनेजर ओम प्रकाश, रत्नेश कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी दिव्या विकास एवं श्री विकास कुमार,वार्ड पार्षद डॉ. जितेन्द्र, रेखा जैन, अनीता देवी, आशा देवी आदि मौजूद थी।


