Ara Civil Court: अंगद सिंह के द्वारा नवादा थाना में अपने दामाद सुमित सिंह एवं उसके भाई के खिलाफ मारपीट करने के संबंध में लिखित आवेदन प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दिया है।
- हाइलाइट: Ara Civil Court
- सिविल कोर्ट के बाहर गुरुवार की दोपहर घटी घटना
आरा। शहर के नवादा थाना क्षेत्र के सिविल कोर्ट के बाहर कोर्ट से गवाही देकर निकले ससुर की दामाद और उसके भाई ने मिलकर पिटाई कर दी। जिससे वह जख्मी हो गए। तब साथ ही बेटी एवं परिजन द्वारा उनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। जानकारी के अनुसार जख्मी बुजुर्ग जहानाबाद जिले के करौना थाना क्षेत्र के सेवनन गांव निवासी स्व. तेज नारायण सिंह के 62 वर्षीय पुत्र अंगद सिंह है।
बताया जाता है कि अंगद सिंह ने अपनी बेटी कंचन सिंह की शादी 22 नवंबर 2024 को बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव निवासी स्व. संत सिंह के पुत्र सुमित सिंह से की थी। शादी के कुछ दिन बीतने के बाद से ही उसके पति एवं ससुराल वालों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने वाला लगा।
उसके बाद अंगद सिंह अपनी बेटी कंचन सिंह को ससुराल जाकर उसे वापस अपने घर ले आये। इसके पश्चात कंचन सिंह ने 20 दिसंबर 2025 को जहानाबाद के महिला थाना में अपने पति एवं ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ प्रताड़ित करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद उसके पति सुमित सिंह के द्वारा आरा सिविल कोर्ट के फैमिली कोर्ट में डाइवोर्स फाइल किया गया था।
Ara Civil Court : अंगद सिंह अपनी बेटी कंचन सिंह के साथ गवाही देने आए थे
इस केस में गुरुवार को अंगद सिंह अपनी बेटी कंचन सिंह के साथ गवाही देने आए थे। गवाही देने के बाद जब वह कोर्ट से बाहर निकले। तभी उनका दामाद सुमित सिंह एवं उसका भाई पहले उनकी बेटी कंचन सिंह को थप्पड़ मारा। तब वहां मौजूद लोगों द्वारा इसका विरोध किया गया, तो सुमित सिंह ने अपने भाई के साथ मिलकर अंगद सिंह की पिटाई कर दी।
इस संबंध में अंगद सिंह के द्वारा नवादा थाना में अपने दामाद सुमित सिंह एवं उसके भाई के खिलाफ मारपीट करने के संबंध में लिखित आवेदन प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दिया है।















