District Administration: भोजपुर में ईद-उल-फितर को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद: शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
- हाइलाइट: District Administration
- अधिकारियों को निर्देश, सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर विशेष सतर्कता बरतें
आरा: आगामी ईद-उल-फितर के पावन पर्व को लेकर भोजपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, अपर समाहर्ता ने गुरुवार को जिले के तमाम दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक अहम संयुक्त ब्रीफिंग की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना है।
ईद-उल-फितर का पर्व चाँद के दीदार के आधार पर आगामी 20 या 21 मार्च 2026 को मनाए जाने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के कुल 112 महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा, जिले के 35 थानों में भी दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई करें।
District Administration: असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश
प्रशासन ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कड़ा संदेश दिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने या शरारत करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय चौकीदार, दफादार और सशस्त्र बलों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश मिला है। प्रतिनियुक्त सभी अधिकारियों को समय से अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने की हिदायत दी गई है ताकि पर्व को निर्विघ्न संपन्न कराया जा सके।
जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को भी चाक-चौबंद किया गया है। सदर अस्पताल, रेफरल अस्पतालों और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेडिकल टीमों के साथ एंबुलेंस की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी डॉक्टरों को रोस्टर के अनुसार अनिवार्य रूप से ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में आम नागरिक जिला समाहरणालय में स्थापित स्थायी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं। नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 06182-248702 है। इस ब्रीफिंग सत्र के दौरान सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।


