Bhojpur sahyog shivir: भोजपुर जिले की 42 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों के 38 वार्डों के सहयोग शिविरों में 4922 आवेदन आए। इनमें से प्राप्त 90 फीसदी आवेदनों का अधिकारियों की ओर से मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
- हाइलाइट: Bhojpur sahyog shivir
- भोजपुर जिला के 42 पंचायतों और सात नगर निकायों के 38 वार्डों में 4922 आवेदन आए –
- जिले के अलग-अलग शिविरों में पहुंचे तीन मंत्री, लोगों से बातचीत कर जानी समस्याएं
- डीएम, एसडीओ, डीडीसी समेत आलाधिकारियों ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी
आरा। भोजपुर जिले की 42 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों के 38 वार्डों में सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस दौरान इन शिविरों में 4922 आवेदन आए। इनमें से प्राप्त 90 फीसदी आवेदनों का अधिकारियों की ओर से मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। जिले के अलग-अलग शिविरों में जिले के दो मंत्री संजय सिंह टाइगर और श्रीभगवान सिंह के अलावा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और निष्पादन के निर्देश दिए।
इस दौरान जिले के डीएम तनय सुल्तानिया, एसडीओ शिप्रा विजय कुमार चौधरी, डीडीसी बलदेव चौधरी समेत कई आलाधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को उनकी समस्याओं के तुरंत निष्पादन के दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान आम नागरिकों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी के साथ उसका लाभ उपलब्ध कराया गया।
डीएम की ओर से सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निष्पादन करते हुए आवेदकों को लाभ पहुंचाया जाए। इस दौरान डीएम की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए बिहार सरकार की ओर से विकसित सहयोग पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) उपलब्ध है। –
Bhojpur sahyog shivir: मंत्री संजय टाइगर ने लाभुकों को दिया योजनाओं की जानकारी

जिले के सदर आरा प्रखंड अंतर्गत भकुरा पंचायत के सहयोग शिविर में उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर उपस्थित रहे। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मंत्री द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वास पर्चा, राशन कार्ड सहित अन्य स्वीकृति पत्र एवं लाभ संबंधी दस्तावेजों का वितरण भी किया गया। –
दावां और एयार सहयोग शिविर में पहुंचे मंत्री श्रीभगवान सिंह

जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत दावां और एयार पंचायत के सहयोग शिविर में योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना और निष्पादन के निर्देश दिए। कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी को लेकर इसका आयोजन किया जा रहा है।
पीरो में अधिकतर मामलों का ऑन-स्पॉट समाधान
वहीं कटरिया में 103, भड़सर में 114 और एयार में 116 विभिन्न मामले ग्रामीणों की ओर से आए। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचलाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज सिंह सहित तमाम विभागों के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए जनता की समस्याओं को सुना और अधिकतर मामलों का ऑन-स्पॉट समाधान कर दिया। मंत्री की ओर से विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वास पर्चा, राशन कार्ड एवं अन्य लाभ संबंधी दस्तावेजों का वितरण भी किया गया। –
कोईलवर में पहुंचे प्रभारी मंत्री, लोगों से की बातचीत
नगर पंचायत कार्यालय कोईलवर के शिविर में प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने लोगों से सीधा संवाद किया। साथ ही लोगों की समस्याओं के निष्पादन के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ने डीएम तनय सुल्तानिया के साथ सभी काउंटर का निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पहल पर आयोजित इस शिविर में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, ताकि आवेदनों का तत्काल निष्पादन हो सके।
उन्होंने बताया कि मंगलवार तक जिले में आयोजित सहयोग शिविरों में करीब 28 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सर्वाधिक आवेदन राजस्व, आवास तथा भूमि विवाद से जुड़े हैं। इसके अलावा नाला, सड़क एवं नल-जल योजना से संबंधित शिकायतें भी बड़ी संख्या में मिली हैं, जिनके समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिविर में उपस्थित सुरौधा कॉलोनी निवासी श्याम प्रकाश महतो ने बताया कि कॉलोनी में डेढ़ सौ से अधिक परिवार बीते वर्षों से रह रहे हैं पर अब तक अंचल की ओर से रसीद नहीं मिल पायी। इस कारण वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हैं। वहीं वार्ड संख्या 12 के करीब दो दर्जन दलित परिवारों ने वासगीत पर्चा निर्गत करने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।
राजस्व विभाग के काउंटर पर ऑनलाइन जमाबंदी, वासगीत पर्चा व अन्य राजस्व से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। वहीं आवास योजना, जन वितरण प्रणाली, आधार, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य, श्रम संसाधन, बिजली, आईसीडीएस सहित विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग काउंटर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं।
मौके पर उपस्थित मुख्य पार्षद सरताज आलम ने सुरौधा टापू पर बिजली, सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरौधा कॉलोनी की जलजमाव समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवेदन सौंपा। मौके पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहाब याहिया,पुलिस पदाधिकारी व वार्ड पार्षदों के साथ स्थानीय लोग मौजूद रहे। –
गड़हनी के वार्ड में प्राप्त 75 आवेदनों में से 20 का निष्पादन
गड़हनी प्रखंड की बंगवा पंचायत के पंचायत सरकार भवन नहसी के प्रांगण में और नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या दो में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ओर से आवेदन लिए गए। बीडीओ अर्चना कुमारी ने बताई की बँगवा पंचायत के ग्रामीण जनता के द्वारा कुल 75 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से पेंशन, जन्म प्रमाण,जीवित प्रणाम पत्र ,लेवर कार्ड से सम्बंधित लगभग 20 आवेदन को मौके पर निष्पादन किया गया।
सीओ दीपा कुमारी ने बताई की शिविर में कुल सात आवेदन मिला जिसमे चार ऑन द स्पॉट निराकरण कर दिया गया। दूसरी ओर नगर पंचायत के वार्ड दो कि जनता द्वारा कुल 28 आवेदन प्राप्त हुआ, जिसमें अंचल कार्यालय, बिजली विभाग, नगर पंचायत कार्यालय और प्रखंड के सामाजिक सुरक्षा से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मुन्ना राम ने बताया कि प्राप्त आवेदनों को उनके विभाग से मिलकर जनता का कार्य कराया जाएगा।इस दौरान सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, दस्तावेजों की जांच, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लाभुकों को प्रदान की गई।
शाहपुर प्रखंड व निकाय के चार क्षेत्रों में कुल 158 आवेदन दर्ज किए गए
जिले के शाहपुर प्रखंड में जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आयोजित किए गए शिविरों में जनता ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। प्रशासन द्वारा शाहपुर की तीन पंचायतों और एक नगर पंचायत में विशेष जनसुनवाई शिविरों का आयोजन किया गया। अधिकांश शिकायतें स्वच्छता, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति और राशन कार्ड से संबंधित थी। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्राप्त आवेदनों में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया। जिन मामलों में गहन जांच या विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित पदाधिकारियों के पास अग्रेषित कर दिया गया है ताकि उनका निराकरण जल्द से जल्द हो सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी शत्रुंजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इन चार क्षेत्रों में कुल 158 आवेदन दर्ज किए गए। आंकड़ों के अनुसार, लालूडेरा पंचायत में 71, ईश्वरपुरा में 23, हरिहरपुर पंचायत में 28 और शाहपुर नगर पंचायत में 36 मामले प्राप्त हुए। बीडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकांश आवेदनों का निष्पादन शिविर स्थल पर ही कर दिया गया है, जबकि शेष लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शाहपुर नगर पंचायत के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में विशेष रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, जल-जमाव की समस्या से मुक्ति और नाली-गली एवं सड़क निर्माण से जुड़ी मांगें प्रमुख रहीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि शेष शिकायतों का भी जल्द ही समाधान कर लिया जाएगा।

