Chaita Mahotsav: आरा के आनंद हॉस्पिटल में चैता महोत्सव पर सर्वधर्म मिलन समारोह आयोजित, सांस्कृतिक सद्भाव की दिखी अनूठी मिसाल
- हाइलाइट: Chaita Mahotsav
- चैता महोत्सव में ईसाई, सिख और जैन समुदाय के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई
आरा शहर के रमना पकड़ी रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल में शुक्रवार की देर रात तक लोक संस्कृति और भक्ति गीतों का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्व अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह भाजपा चिकित्सा मंच के जिलाध्यक्ष डॉ. के. एन. सिन्हा की पहल पर आयोजित इस चैता महोत्सव ने उपस्थित श्रोताओं को लोक धुन के पारंपरिक गीतों के जादू में बांधे रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत से ही माहौल पूरी तरह से चैता के रंग में रंगा नजर आया। मुख्य ब्यास कमलेश कुमार के नेतृत्व में चौकीपुर चैता गोल के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नाल और डमरू की थाप पर प्रसिद्ध कलाकार देवेश दुबे का साथ दर्शकों के लिए मंत्रमुग्ध कर देने वाला रहा। कार्यक्रम के मुख्य गायक के रूप में रतन और डॉ. एम. एम. द्विवेदी ने अपनी गायकी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कलाकार रमेश कुमार बर्मन ने किया।
Chaita Mahotsav: आनंद हॉस्पिटल में चैता महोत्सव पर सर्वधर्म मिलन समारोह आयोजित
सांस्कृतिक प्रस्तुति के बीच डॉ. के. एन. सिन्हा ने चैता विधा पर अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसका सर्वधर्म समभाव का संदेश रहा। एक तरफ जहाँ लोक गीतों का आनंद लिया गया, वहीं गुड फ्राइडे के अवसर पर केक काटकर भाईचारे का संदेश भी दिया गया। इस दौरान ईसाई, सिख और जैन समुदाय के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जो आरा की गंगा-जमुनी तहजीब को प्रदर्शित करता है।
कार्यक्रम के अंत में कृतज्ञता ज्ञापन के रूप में मोहम्मद रफी का सदाबहार गीत ‘एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा है दोस्तों, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों’ गुनगुनाया गया, जिसने कार्यक्रम को एक भावनात्मक समापन दिया। आयोजन के दौरान विशिष्ट अतिथियों को बुके और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में सरदार गुरुचरण सिंह, सरदार सतनाम सिंह, फादर अनिल जीउत, मोहम्मद मुशर्रफ, जिला शतरंज संघ के सचिव मो. सैफ, मो. चून्नू, जिला वुशू संघ के सचिव राजेश सिंह, अपने कई खिलाड़ियों के साथ, धीरेंद्र जैन, अलख नारायण जैन दास, महिला कॉलेज की पूर्व प्राचार्या कमल सिंह, अमीरचंद स्कूल की पूर्व प्रिंसिपल प्रो. कंचन सिंह, भाजपा के वरीय पदाधिकारी इंजीनियर धीरेंद्र सिंह, अधिवक्ता डॉ. संदीप कुमार, राधा सिंह, संतोष चंद्रवंशी, जदयू की चुन्नी पांडेय, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार, शशि कुमार, राजू यादव छोटू, शशिकांत, छोटू जयप्रकाश यादव तथा ओमप्रकाश श्रीवास्तव सहित कई थे।


