MLC Sonu Rai Oath: इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
- हाइलाइट: MLC Sonu Rai Oath
- विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सोनू कुमार राय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
21 मई,पटना। बिहार विधान परिषद में गुरुवार को भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट पर हुए उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाले राष्ट्रीय जनता दल के नवनिर्वाचित एमएलसी सोनू कुमार राय का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सोनू कुमार राय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। :
MLC Sonu Rai Oath: तेजस्वी यादव ने तार्किक अंदाज में सरकार पर निशाना साधा
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने चिर-परिचित आक्रामक और तार्किक अंदाज में सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि सोनू कुमार राय की यह जीत भारी मतों के अंतर से हुई है, जिसने जदयू के प्रत्याशी को करारी शिकस्त दी है। उन्होंने बैलेट पेपर से हुए इस चुनाव के नतीजों को एनडीए के लिए एक स्पष्ट संदेश बताया।
बैलेट पेपर से चुनाव हो, तो एनडीए का कहीं कोई वजूद नहीं बचेगा: तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यदि बिहार विधानसभा चुनाव भी आज बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएं, तो एनडीए का कहीं कोई वजूद नहीं बचेगा। उन्होंने इस चुनाव की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह चुनाव जनप्रतिनिधियों द्वारा अपना नेता चुनने का चुनाव था, जिसमें मुखिया, वार्ड सदस्यों व अन्य ने अपने विवेक का इस्तेमाल किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव नेता द्वारा नेता को चुनने का था, और परिणाम दर्शाते हैं कि जनमत का रुख किस ओर है।
सरकार की नाकामी से आम जनता, गरीब वर्ग और जनप्रतिनिधि सभी परेशान
सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने कहा कि वर्तमान सरकार के छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन आधी से अधिक अवधि केवल सरकार के गठन और व्यवस्थापन में ही व्यर्थ हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नाकामी से आम जनता, गरीब वर्ग और जनप्रतिनिधि सभी परेशान हैं। शिक्षकों और विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े वोटर्स के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि आरजेडी इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर रही है और आने वाले समय में जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी।
विपक्ष के नेता ने परीक्षा प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और सरकार परीक्षा की घोषणा कर उसे पूरा करने में विफल साबित हो रही है। तेजस्वी ने अपने 17 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियों को याद दिलाते हुए कहा कि हमने बिना किसी पेपर लीक के पांच लाख युवाओं को नौकरी दी और समय पर जॉइनिंग लेटर बांटे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि जो कार्य उन्होंने अल्प समय में कर दिखाया, वह अब मौजूदा सरकार के लिए नामुमकिन सा लग रहा है।
अंत में, तेजस्वी यादव ने विधान सभा चुनाव के समय महिलाओं को दी जाने वाली 10-10 हजार आर्थिक सहायता के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि माताओं और बहनों को दी जाने वाली सहायता राशि की पहली किस्त के बाद दूसरी किस्त कब जारी की जाएगी।

