Standing Committee Election: शाहपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को नगर पंचायत शाहपुर के सशक्त स्थायी समिति के चुनाव का आयोजन किया गया।
- हाइलाइट: Standing Committee Election
- शाहपुर नगर पंचायत के सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न, तीन पार्षद निर्वाचित
- सशक्त स्थायी समिति के लिए दो निर्विरोध जबकि मनोज पासवान ने मुकाबले में दर्ज की जीत
शाहपुर, भोजपुर। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शाहपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को नगर पंचायत शाहपुर के सशक्त स्थायी समिति के चुनाव का आयोजन किया गया। इस चुनाव में वार्ड संख्या एक के पार्षद मनोज पासवान, वार्ड संख्या दो के पार्षद मो. शाहिद अनवर और वार्ड संख्या पांच के पार्षद हीरालाल पांडे निर्वाचित घोषित किए गए। इनमें मो. शाहिद अनवर और हीरालाल पांडे निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि मनोज पासवान ने चुनावी मुकाबले में कमलेश कुमार राज को तीन मतों से पराजित कर जीत हासिल की।
Standing Committee Election: चुनाव प्रक्रिया और परिणाम

चुनाव प्रक्रिया के दौरान नगर पंचायत के सभी 11 वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। नामांकन प्रक्रिया सुबह आठ बजे प्रखंड सभागार में प्रारंभ हुई, जिसमें बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह, बीएओ राजन शुक्ला और थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। मतगणना के परिणामस्वरूप मनोज पासवान को सात मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कमलेश कुमार राज को चार मत मिले।
निर्वाचित सदस्यों में दो नए चेहरे शामिल हुए हैं, जबकि मो. शाहिद अनवर पहले भी इस समिति के सदस्य रह चुके हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद डीपीआरओ सह निर्वाची पदाधिकारी रविरंजन कुमार गुप्ता ने सभी विजयी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समर्थकों में उत्साह
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विजयी पार्षदों का फूलमाला और गमछा देकर सम्मान किया गया। साथ ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। बधाई देने वालों में उपमुख्य पार्षद झुनियां देवी, पूर्व उपाध्यक्ष गुप्तेश्वर साह, राजद के पूर्व प्रवक्ता मुन्ना पांडेय, भाजपा नेता अंकित पांडे, खांटी एग्रो के निदेशक उमेश चंद्र पांडे उर्फ मुन्ना पांडे, पैक्स अध्यक्ष कमलावती देवी, मंटू दुबे और झामलाल पांडे समेत कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

