Mugaul village: भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुग़ौल गाँव से गुरुवार की सुबह एक अत्यंत दुखद और विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है।
- हाइलाइट: Mugaul village
- जगदीशपुर के मुग़ौल गाँव में हुई हृदयविदारक घटना:
- दो किसानों की असमय मृत्यु पर शोक और मुआवजे की मांग
आरा। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरवारी जंगल महाल पंचायत के मुग़ौल गाँव से गुरुवार की सुबह एक अत्यंत दुखद और विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ बिजली के जर्जर तारों की चपेट में आने से 40 वर्षीय महिला किसान बसंती देवी और 22 वर्षीय साहुल कुमार की दर्दनाक मौत हो गई है। इस दुखद घटना पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने पीड़ित परिवारों के प्रति सांत्वना प्रकट की है।
Mugaul village : दोनों मृतक किसानों के आश्रितों के लिए मुआवजे की मांग
उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की है। भाई दिनेश ने आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के तहत दोनों मृतक किसानों के आश्रितों को अविलंब चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की पुरजोर मांग की है। इस दिशा में उन्होंने भोजपुर के जिलाधिकारी और जगदीशपुर के अनुमंडल पदाधिकारी से त्वरित कार्रवाई करने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का आग्रह किया है।
बिजली विभाग की लापरवाही पर भाई दिनेश नाराज
मुआवजे की मांग के साथ ही भाई दिनेश ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करनेवाले बिजली विभाग की घोर लापरवाही पर भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की है कि इस पूरी घटना की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि दोषियों की पहचान कर उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सके।

