Tiyar PACS warehouse: वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी ने तियर थाने में दिया आवेदन, गोदाम से 1829 क्विंटल धान गायब
- हाइलाइट: Tiyar PACS warehouse
- अध्यक्ष-प्रबंधक समेत 13 पर एफआईआर की मांग
आरा। भोजपुर जिला के बिहिया प्रखंड अंतर्गत तियर पैक्स में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में बड़े पैमाने पर धान गबन का मामला सामने आया है। सहकारिता विभाग ने पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक और पूरी प्रबंधकारिणी के 11 सदस्यों समेत कुल 13 लोगों पर सरकारी राशि के दुरुपयोग और गबन का आरोप लगाते हुए तियर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
Tiyar PACS warehouse : गोदाम बंद मिला, गबन की आशंका
थानाध्यक्ष तियर को दिए गए आवेदन में वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड-बिहिया नरेन्द्र कुमार ने कहा है कि जिला सहकारिता पदाधिकारी भोजपुर के निर्देश के आलोक में यह कार्रवाई की जा रही है। आवेदन के अनुसार तियर पैक्स द्वारा तियर पंचायत के कुल 42 किसानों से कुल 6500 क्विंटल धान की खरीद की गई थी, जिसमें से 4670.13 क्विंटल धान राइस मिल को भेज दिया गया है, जबकि 1829.87 क्विंटल धान गोदाम में अवशेष के रूप में होना चाहिए, जिसका बाजार मूल्य लगभग 43 लाख 80 हजार 708 रुपये है। यह पूरी राशि सरकारी है।
पदाधिकारी का आरोप है कि अवशेष धान के भौतिक सत्यापन के लिए जब समिति के गोदाम पर जाकर जांच किया गया तो गोदाम बंद मिला। अध्यक्ष, प्रबंधक और प्रबंधकारिणी के कोई भी सदस्य मौके पर उपस्थित नहीं मिले। आस-पास के लोगों ने बताया कि गोदाम में धान उपलब्ध नहीं है, जिससे गबन की आशंका प्रबल हो गई है।
अध्यक्ष-प्रबंधक समेत 13 पर एफआईआर की मांग
इन पर है आरोप:-आवेदन में धान अधिप्राप्ति हेतु समिति की बैठक में अधिकृत किये गए मुख्य आरोपी के रूप में पैक्स अध्यक्ष शशिशेखर ओझा, ग्राम-मनियारा, एवं प्रबंधक अशोक कुमार, ग्राम-मनियारा को बताया गया है। इनके अलावा षडयंत्र में हिस्सेदार के रूप में प्रबंधकारिणी के सभी 11 सदस्यों – 1. मीरा देवी, 2. शिव शंकर राम, 3. राजेश यादव, 4. समला देवी, 5. मीरा देवी, 6. गुटन साह, 7. अर्जुन सिंह, 8. जय कुमार चैबे, 9. महादेव साह, 10. रेणु देवी, 11. सैनी देवी को भी आरोपी बनाया गया है।
वरीय पदाधिकारी ने कहा है कि इन सभी ने अपने कर्तव्य से चूक की है और सरकारी योजना से समिति को वंचित किया जा सकता है, जिससे समिति को भारी नुकसान पहुँचने की संभावना है। वहीं तियर थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है तथा मामले की छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।















