Raju Yadav Chowkipur: गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव में वारदात, केस उठाने को लेकर कई दिनों से मिल रही थी धमकी; घटनास्थल से दो खोखे बरामद
हाइलाइट: Raju Yadav Chowkipur
बाइक सवार तीन बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर राजू कुमार को दो गोलियां मारीं।
घायल के बाएं जांघ और पेट में लगी गोली, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज।
पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खोखे बरामद किए, जांच जारी।
आरा: भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव में मंगलवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर खड़े एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान दो गोलियां प्रॉपर्टी डीलर को लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल की पहचान गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव निवासी कमल यादव के 40 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। राजू कुमार पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं।
जांघ और पेट में लगी गोली
परिजनों ने घायल राजू कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहर के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इलाज कर रहे ऑर्थो सर्जन डॉ. सूर्यकांत निराला ने बताया कि घायल को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली बाएं तरफ जांघ में और दूसरी बाएं तरफ पेट में लगी है। डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल मरीज की स्थिति स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
केस उठाने को लेकर मिल रही थी धमकी
बताया जा रहा है कि केस उठाने को लेकर राजू कुमार को पिछले कई दिनों से धमकी दी जा रही थी। इसी बीच मंगलवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर के बाहर खड़े राजू कुमार पर गोली चला दी।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल से दो खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गजराजगंज ओपी इंचार्ज सुंदेश्वर कुमार ने बताया कि घटनास्थल से गोली के दो खोखे बरामद किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वारदात के बाद चौकीपुर गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

