Bhojpur: भोजपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को सिन्हा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हाइलाइट:Bhojpur
भोजपुर पुलिस ने सिन्हा थाना क्षेत्र से दो फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वर्ष 2014 में वकील पासवान की पत्नी की हत्या के मामले में दर्ज थी प्राथमिकी।
आरा: भोजपुर पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो कुख्यात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी सिन्हा थाना क्षेत्र से हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धोबहां थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी तारकेश्वर यादव और कामेश्वर यादव के रूप में हुई है। दोनों पर पुलिस मुख्यालय की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
हत्या और एससी/एसटी एक्ट में दर्ज था मामला
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में बसंतपुर गांव निवासी वकील पासवान की पत्नी के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उनकी मौत हो गई थी।
इस घटना को लेकर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आरा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धोबहां ओपी में 16 मई 2014 को हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
2022 में घोषित हुआ था इनाम
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही दोनों अभियुक्त फरार चल रहे थे। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने के बाद वर्ष 2022 में पुलिस मुख्यालय ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

