Ara-Nawada Police: आरा नवादा थाना पुलिस द्वारा चोरी गई बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के बाजार समिति के पास से की। गिरफ्तार उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव वार्ड नंबर,-11 निवासी प्रहलाद सिंह का पुत्र रंजन सिंह है।
बताया जाता है कि रविवार को वह नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति के पास खड़ी बाइक को चुरा कर भाग रहा था। तभी बाइक मालिक एवं स्थानीय लोगों द्वारा उसे रंगेहाथ दबोच लिया गया और उसके बाद जमकर पिटाई की जाने लगी। सूचना पाकर नवादा थाना पुलिस वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई।
Ara-Nawada Police: सीसीटीवी कैमरे से हुई चोर की पहचान
वही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने बताया कि समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के रोसड़ा गांव निवासी संजय कुमार सहनी के पुत्र शशि सुमन आरा के इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई करता है। 10 अप्रैल को वह बाइक द्वारा अपने दोस्त के घर थाना क्षेत्र के हरीजी के हाता वार्ड नंबर-19 में गया था। जब वह दोस्त के घर से बाहर वापस बाइक के पास आया, तो उसकी बाइक गायब थी।
जिसके बाद उसके द्वारा नवादा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में गिरफ्तार युवक रंजन सिंह का वीडियो आया था। जिसके आधार पर पहचान हुई और उक्त घटना में उसकी संलिप्तता सामने आई है। उन्होंने ने बताया कि गिरफ्तार रंजन कुमार पूर्व में भी उदवंतनगर एवं नवादा थाना क्षेत्र से बाइक चोरी मामले में आरोपित रहा है और जेल भी जा चुका है।


