Homeबिहारआरा भोजपुरसीएम ने भोजपुर में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का किया शिलान्यास

सीएम ने भोजपुर में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का किया शिलान्यास

Aqua Park in Bhojpur: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भोजपुर जिले के नवादा पंचायत स्थित वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का किया शिलान्यास

  • हाइलाइट:
  • भोजपुर जिले के उदवंतनगर में 32 एकड़ क्षेत्र में होगा इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का निर्माण-मुख्यमंत्री
  • बाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की 32 एकड़ भूमि पर मछली पालन के अलावा इको टूरिज्म को भी किया जाएगा विकसित
  • इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क के निर्माण से मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होने के साथ ही स्थानीय रोजगार सूजन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
  • पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय को पुनस्र्थापित किया है। यहां बाबू वीर कुंवर सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय है यह धरती शिक्षा का केंद्र बनेगी
  • इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क राज्य में आधुनिक एवं समेकित मत्स्य विकास का मॉडल केंद्र बनेगा, पोषण सुरक्षा एवं इको दूरिज्म को मिलेगी गति

आरा। सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड के नवादा बेन पंचायत स्थित वाणासुर मत्स्य बीज क्षेत्र में 31.21 करोड़ एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास किया। अधिकारियों ने लेआउट प्लान के माध्यम से इंटीग्रेटेड एक्या पार्क में बनने वाली संरचना तथा विकसित होने वाले क्षेत्र के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

Aqua Park in Bhojpur : कृषि, मत्स्यपालन और पशुपालन ही बिहार की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों, मत्स्यपालकों को चाबी एवं कीट प्रदान की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत विकसित होने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क में कार्य हैचरी स्ट्रिक कैटफिश हैचरी, हुका इन्क्यूबेशन यूनिट, ओवरहेड टैंक कॉक्रीट रियरिंग टैंक, ईटी पाइपलाइन, विभिन्न प्रकार के तालाब, बायो बायो फ्लॉक इकाइयाँ आरएएस, फीड मिल एवं मशीनरी, छात्रावास/अतिथि गृह प्रशासनिक भवन, प्रयोगशाला एवं प्रशिक्षण परिसर जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला, रोग निदान प्रयोगशाला तथा क्वारंटाइन टैंक एवं वेट लैब सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार का सपना धरातल पर उतर रहा है। आज ही हमने गयाजी में टेक्नोलॉजी पार्क का शिलान्यास किया है। कृषि, मत्स्यपालन और पशुपालन ही बिहार की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।

पूरे झारखंड को मछली खिला सकता है बिहार

दक्षिण बिहार पशुपालन के लिए जाना जाता है, जबकि उत्तरी बिहार में मत्स्यपालन बड़े पैमाने पर होता है। यह जीविकोपार्जन का मुख्य साधन है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में मछली उत्पादन में काफी वृद्धि हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार में मछली उत्पादन में तीन गुनी बढ़ोतरी हुई है। बिहार की धरती में इतनी ताकत है कि पूरे झारखंड को भी मछली खिला सकता है।

यहां बाणासुर मत्स्यबीज प्रक्षेत्र की 32 एकड़ भूमि पर मछली पालन के अलावा इको टूरिज्म विकसित किया जाएगा। इस स्थल के एक तरफ रेलवे ट्रैक है। जबकि दूसरी तरफ फोरलेन सड़क है। यह ऐसी धरती है, जिसके दोनों तरफ फोरलेन है। आप सभी के आशीर्वाद से मैं बिहार को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए निरंतर काम कर रहा हूॅं। आप सभी के सहयोग से बिहार समृद्ध होगा, यह मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूँ।

मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत

कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री पंचायती राज और मास्य पालन पशुपालन एवं डेयरी राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री सह भोजपुर जिला के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, सांसद सुदामा प्रसाद, सचिव मत्स्य पालन भारत सरकार डॉ. अभिलक्ष लिखी, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने भी सम्बोधित किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।

अवसर पर केंद्रीय मंत्री पंचायती राज और मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री सह भोजपुर जिला के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, सांसद सुदामा प्रसाद, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राधाचरण साह, विधायक महेश पासवान, विधायक राकेश रंजन ओझा, विधान पार्षद जीवन कुमार, विधान पार्षद सोनू कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, सचिव, मत्स्यपालन भारत सरकार डॉ. अभिलक्ष लिखी, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े, शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक श्री राज सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

मनेर से बक्सर तक गंगा किनारे मरीन ड्राइव की तर्ज पर होगा सड़क का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीन ड्राइव की तर्ज पर मनेर से बक्सर तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिसका नामकरण महर्षि विश्वामित्र के नाम पर होगा। वर्ष 2030 में जब मैं आप सभी के बीच बीच वोट मांगने आऊंगा, तब आपके बगल में मरीन ड्राइव ऐसा होगा जो आपको तथा आपके खेत को पानी से सुरक्षित रखेगा। पहले बिहार को सोन नदी का पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता था। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह समझौता हुआ कि सोन नदी का दो तिहाई पानी बिहार को मिलेगा, जबकि एक तिहाई पानी झारखंड इस्तेमाल करेगा।

उन्होंने कहा कि मनेर के पास एक बराज बनाया जाएगा, जो सोन नदी का पानी गंगा नदी में जाने से रोकेगा। पूरे बिहार में खराब पड़े 70 हजार चापाकलों को 15 जून तक दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित था, जिनमें से 75 हजार खराब पड़े चापाकलों को दुरुस्त कर लिया गया है। शेष जो खराब हैं, जिनकी मरम्मति नहीं की जा सकती है, उनके जगह नए चापाकल लगाए जाएंगे। यह इलाका धान का कटोरा कहलाता है। इस इलाके को हर प्रकार से समृद्ध और विकसित बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है।

ढाई लाख लोगों के घरों के छतों पर लगेगा सोलर पैनल

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 से बिहार के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। अब हमलोगों ने ढाई लाख लोगों के घरों के छतों पर सोलर युक्त बिजली मुहैया कराने हेतु सोलर पैनल लगाने का काम शुरू किया है। नवादा जिले में डैम पर सोलर पंप स्टोरेज सिस्टम लगाने का काम शुरू किया गया है। पूरे देश में सबसे सस्ती बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बिहार है। जहां बिजली उपभोक्ताओं की सबसे अधिक अनुदान 23 हजार करोड़ रूपये दिया जाता है। बिहार की ग्रामीण सड़कें काफी बेहतर है। बिहार में जितनी अधिक ग्रामीण सड़कें हैं जानी देश में कहीं नहीं है।

ना सोना है और ना सोने देना है‌, सरकार सदैव आपके साथ खड़ी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने सहयोग शिविर कार्यक्रम शुरू कराया है। प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन होता है, जिसमें अपनी समस्याओं के निष्पादन हेतु लोग आवेदन देते हैं। आवेदन देने के 30वें दिन के अंदर आवेदन का निष्पादन नहीं किया जाता है, तो 31वें दिन संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित हो जायेंगे। हमें बिहार को विकसित और समृद्ध बनाने बनाने के लिए दोगुनी गति से काम करना होगा। ना सोना है और ना सोने देना है‌। सरकार सदैव आपके साथ खड़ी है। आपकी समस्याओं का समाधान हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular