Homeबिहारआरा भोजपुरमंचूरियन खाने से दादी-पोती समेत चार की हालत बिगड़ी, पोती की मौत

मंचूरियन खाने से दादी-पोती समेत चार की हालत बिगड़ी, पोती की मौत

Hasan Bazar: भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र के हसन बाजार गांव में गुरुवार की रात मंचूरियन खाने से दादी-पोती समेत चार लोगों की हालत गंभीर हो गई, जिसमें पोती की मौत हो गई।

  • हाइलाइट: Hasan Bazar
  • इलाज के लिए रोहतास के बिक्रमगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
  • बीमार लोगों में बुजुर्ग महिला का सदर अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
  • हसन बाजार थाना क्षेत्र के हसन बाजार गांव में गुरुवार की रात घटी घटना

आरा। जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र के हसन बाजार गांव में गुरुवार की रात मंचूरियन खाने से दादी-पोती समेत चार लोगों की हालत गंभीर हो गई, जिसमें पोती की मौत हो गई। इलाज के लिए रोहतास के बिक्रमगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं बीमार लोगों में गंभीर हालत में मृत बच्ची की दादी का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मृत बच्ची हसन बाजार थाना क्षेत्र के हसन बाजार गांव निवासी कुंदन कुमार गुप्ता के 7 वर्षीया पुत्री काव्या कुमारी है। जबकि बीमार लोगों में मृत बच्ची के भाई 13 वर्षीय भाई बिट्टू कुमार, 9 वर्षीय भाई रोहित कुमार एवं 70 वर्षीय दादी चंद्रावती कुमार शामिल है।

Hasan Bazar : बाजार से मंचूरियन घर लेकर आया था युवक

इधर, बीमार लोगो मे मृत बच्ची की दादी चंद्रावती कुंवर ने बताया कि उनके रिश्ते में लग रहे भांजे ने गांव में ही बाजार से मंचूरियन घर लेकर आया था, जिसे सभी लोगों ने खाया था। खाने के कुछ देर बाद सभी को दस्त और पेट दर्द होने लगा। अचानक उनकी पोती काव्या कुमारी की हालत काफी गंभीर हो गई। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए रोहतास के बिक्रमगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

वहीं उनके दो पोते बिट्टू कुमार एवं रोहित कुमार का इलाज परिजन द्वारा अपने स्तर से निजी अस्पताल में कराया गया। इस संबंध में हसन बाजार थानाध्यक्ष जयराम शुक्ला ने बताया कि मंचूरियन खाने से बच्ची की मौत होने एवं उसकी दादी व दो भाइयों की बीमार होने की बात सामने आई है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। जांच उपरांत मामला स्पष्ट हो पाएगा।

बताया जाता है कि मृत बच्ची अपने दो भाई व एक बहन में छोटी थी एवं अपने मां-बाप की इकलौती लाडली थी। उसके माता-पिता पंजाब के लुधियाना में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। जबकि व अपने एक भाई के साथ दादी के पास रहती थी। उसके परिवार में मां सुमन देवी व दो भाई बिट्टू कुमार एवं रोहित कुमार है। घटना के बाद मृत बच्ची के घर में कोहराम मच गया है, उसकी मां सुमन देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular