Homeबिहारआरा भोजपुरभोजपुर में नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

भोजपुर में नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Nibha Dev Pokhara: सिकराहटा थाना क्षेत्र के देव पोखरा गांव की घटना, मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

हाइलाइट:Nibha Dev Pokhara
देव पोखरा गांव में 21 वर्षीय निभा देवी का शव ससुराल में बरामद हुआ।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

आरा: भोजपुर जिले के सिकराहटा थाना क्षेत्र के देव पोखरा गांव में मंगलवार दोपहर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज की मांग को लेकर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Nibha Dev Pokhara : हरेंद्र कुमार साह की पत्नी निभा कुमारी

मृतका की पहचान देव पोखरा गांव निवासी हरेंद्र कुमार साह की 21 वर्षीय पत्नी निभा देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिकराहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
इधर, मृतका के जीजा दीपक कुमार ने बताया कि रोहतास जिले के कच्छवां थाना क्षेत्र के कंचन बिगहा गांव निवासी विजय साह ने अपनी बेटी निभा कुमारी की शादी 25 अप्रैल को देव पोखरा गांव निवासी हरेंद्र कुमार साह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी।

परिजनों के अनुसार, शादी के दौरान करीब दो लाख रुपये नकद, एक बाइक और अन्य सामान उपहार में दिया गया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त पैसे और सामान की मांग को लेकर निभा कुमारी को प्रताड़ित करने लगे थे।

परिजनों का कहना है कि निभा जब भी मायके में फोन करती थी, तो ससुराल वालों द्वारा पैसों को लेकर परेशान किए जाने की बात बताती थी।

घर के बरामदे में पड़ा मिला शव

मंगलवार दोपहर मायके वालों को निभा की मौत की सूचना मिली। इसके बाद परिजन उसके ससुराल देव पोखरा गांव पहुंचे। वहां उन्होंने घर के बरामदे में जमीन पर निभा का शव पड़ा देखा। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

मृतका के जीजा दीपक कुमार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर उसकी गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
सिकराहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया था। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। उन्होंने बताया कि मायके वालों की ओर से ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के साथ पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि निभा कुमारी चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसकी शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular