Police alert against drugs: भोजपुर पुलिस प्रशासन एक सुरक्षित और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित।
- हाइलाइट: Police alert against drugs
- नारकोटिक्स मादक पदार्थ के बढ़ते खतरे से निपटने को लेकर प्रशासन अलर्ट
- मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला तोड़ने, तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश
- जनता के बीच जागरूकता फैलाने पर दिया गया विशेष जोर
आरा। जिले में नारकोटिक्स और मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे को जड़ से समाप्त करने के लिए भोजपुर पुलिस प्रशासन द्वारा शनिवार को एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राज ने की। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मादक पदार्थों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इससे निपटने के लिए बहुआयामी रणनीति पर चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों और तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को तोड़ना रहा। इसके लिए खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा संदिग्ध ठिकानों पर सघन छापेमारी करने की योजना तैयार की गई।
एसपी राज ने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जा सके। भोजपुर पुलिस प्रशासन एक सुरक्षित और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-टू) रंजीत कुमार सिंह, जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा और आरएएफ कमांडेंट सहित जिले के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


