Homeबिहारआरा भोजपुरसरैया गांव के समीप चलती बाइक पर गिर पड़ी पेड़ की टहनी,...

सरैया गांव के समीप चलती बाइक पर गिर पड़ी पेड़ की टहनी, चली गई दो की जान

Saraiya Bike Accident: भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सरैया-बलुआ मुख्य मार्ग पर मंगलवार की सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो रिश्तेदारों की दर्दनाक मौत हो गई।

  • हाइलाइट: Saraiya Bike Accident
  • डंपर की ठोकर से बाइक पर गिरी पेड़ की टहनी, दो रिश्तेदारों की मौत
  • कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव के समीप की मंगलवार की सुबह की घटना
  • रिश्तेदार के घर आयोजित बहू भोज के लिए सब्जी खरीदने जाने के दौरान हुआ हादसा
  • मौत के बाद सदर अस्पताल में परिजनों का हंगामा और तोड़फोड़, पुलिस से नोंकझोंक

आरा: भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सरैया-बलुआ मुख्य मार्ग पर मंगलवार की सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो रिश्तेदारों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया है। मृतकों की पहचान जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी सीता राम तिवारी के 47 वर्षीय पुत्र श्री किशुन तिवारी और बक्सर जिले के ब्रह्मपुर निवासी अशोक पांडेय के 30 वर्षीय पुत्र चंदन पांडेय के रूप में हुई हैं। दोनों अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में आये थे और बहू भोज के लिए सब्जी खरीदने सरैया जा रहे थे।

Saraiya Bike Accident: शाम में था बहू भोज, सुबह दो रिश्तेदारों की मौत, गमगीन हुआ माहौल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धोबहां थाना क्षेत्र के बरजा गांव निवासी गणेश तिवारी के घर बीस अप्रैल को बेटे राहुल की शादी संपन्न हुई थी। इस मांगलिक अवसर पर राहुल के मामा, गड़हनी थाना क्षेत्र के डिहरा गांव निवासी 47 वर्षीय श्री किशुन तिवारी और बक्सर जिले के ब्रह्मपुर निवासी 30 वर्षीय चंदन पांडेय भी शामिल हुए थे। मंगलवार को घर में बहू भोज का आयोजन होना था, जिसके लिए आवश्यक सामग्री खरीदने हेतु दोनों बाइक पर सवार होकर सरैया बाजार जा रहे थे।

चलती बाइक पर गिर पड़ी पेड़ की टहनी, अस्पताल पहुंचने से पहले चली दोनों की जान

हादसा उस समय हुआ जब सरैया गांव के समीप एक तेज रफ्तार डंपर की जोरदार ठोकर से पेड़ की एक भारी टहनी टूटकर सीधे वहां से गुजर रही बाइक पर जा गिरी। इस अप्रत्याशित घटना में बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल भिजवाया।

परिजनों का डाक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल लाने से पहले ही दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। हालांकि, स्थिति स्पष्ट करने के लिए डॉक्टरों ने ईसीजी जांच भी की, लेकिन मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। अस्पताल परिसर में परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उत्तेजित भीड़ ने वार्ड के बाहर रखे फूल के गमले और गार्ड रूम के पंखे तोड़ दिए। स्थिति तब और बिगड़ गई जब मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ परिजनों की नोंकझोंक और हाथापाई हुई।

बाद में नगर थानाध्यक्ष देवराज राय और नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया। कृष्णगढ़ पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद बरजा गांव में मातम पसर गया है। शादी की खुशियां चंद घंटों में गम में बदल गईं और निर्धारित बहू भोज का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। एक ओर जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular