Nagari Firing: बिहार के भोजपुर जिला चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरी बाजार में सड़क हादसे में मौत के बाद जब्त बाइक ले जाने के विवाद में गोलीबारी के मामले में प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है।
- हाइलाइट:
- सरपंच पति सहित दो लोगों को गोली मारने में छह पर मुकदमा, एक आरोपित गिरफ्तार
- नगरी गोली कांड: जख्म सरपंच पति के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
- सड़क हादसे में मौत के बाद जब्त बाइक ले जाने के विवाद में मारी गई थी गोली
- अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी को की जा रही छापेमारी
आरा। चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरी बाजार में सड़क हादसे में मौत के बाद जब्त बाइक ले जाने के विवाद में गोलीबारी के मामले में प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। गोलीबारी में जख्मी सरपंच पति मनोज कुमार शर्मा के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस द्वारा इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह नगरी गांव निवासी शिव कुमार पांडेय का पुत्र नीरज पांडेय है। चार खोखे भी बरामद किये गये है। नीरज पांडेय की पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और हथिया बरामदगी को लेकर पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।
Nagari Firing: नामजद अभियुक्त नीरज पांडेय गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक राज की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस बयान में गिरफ्तारी की जानकारी दी गयी है। बताया कि फायरिंग और प्राथमिकी दर्ज के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर एक टीम गठित की गयी थी। लगातार छापेमारी कर टीम द्वारा सोमवार की रात ही नामजद अभियुक्त नीरज पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें कि रविवार गई रात नगरी बाजार स्थित सब्जी मंडी के समीप बाइक की ठोकर से उसी गांव की लखमुखनिया देवी नामक एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी थी। महिला नगरी गांव निवासी स्व. ललन शर्मा की पत्नी और सरपंच दुर्गावती देवी की मौसी थी। हादसे के बाद ग्रामीणों द्वारा बाइक को पकड़ लिया गया था।
आरोपियों ने पिस्टल चमकाया और कर दी फायरिंग
सोमवार सुबह परिजन लखमुनिया देवी की दाह-संस्कार की तैयारी में लगे थे। तभी तीन युवक पहुंचे और जब्त बाइक जबरन ले जाने लगे। उसे लेकर सरपंच पति मनोज कुमार शर्मा के साथ उन लड़कों की नोंकझोंक होने लगी। उसी बीच लड़कों द्वारा पिस्टल चमकाया जाने लगा। उसे देख मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उन लड़कों को पकड़ने का प्रयास किया गया, तो युवकों की ओर से फायरिंग की जाने लगी। उसमें सरपंच पति मनोज कुमार शर्मा और उनके दोस्त नगरी गांव निवासी गोरख पासवान को गोली लग गयी। उसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।


