- हाइलाइट: Forest festival
- भोजपुर में जिला स्तरीय वन महोत्सव का सफल आयोजन
आरा। सोमवार को पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में भोजपुर वन प्रक्षेत्र,आरा द्वारा जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन महाराजा कॉलेज मैदान, आरा में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता भोजपुर शशि शेखर, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न गौरव, महाराजा कॉलेज प्राचार्या कनकलता कुमारी एवं पर्यावरणविद् प्रो. संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपर समाहर्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयास आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्म दिवस पर एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो यह पर्यावरण बचाने की दिशा में एक सार्थक पहल होगी। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा कि वन महोत्सव का आयोजन जुलाई-अगस्त माह में इसलिए किया जाता है क्योंकि मानसून का समय पौधों की वृद्धि एवं उत्तरजीविता के लिए सर्वाधिक उपयुक्त होता है।
Forest festival – लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान
उन्होंने लोगों से इस स्वर्णिम अवसर पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से हम बाढ़ और सूखे जैसी चरम परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। अतः हमें अपने पूर्वजों से मिली इस वन-संपदा की रक्षा करनी चाहिए ताकि इसे आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित सौंपा जा सके।
कार्यक्रम के दौरान महाराजा कॉलेज प्राचार्या ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया और पॉलीथीन का उपयोग बंद कर जूट एवं कपड़े के थैलों के इस्तेमाल का सुझाव दिया। कार्यक्रम उपरांत अपर समाहर्ता शशि शेखर एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न गौरव ने महाराजा कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया।
वन महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न विद्यालयों — डीएवी विद्यालय धनुपरा, ज्ञान ज्योति आवासीय विद्यालय वामपाली एवं मध्य विद्यालय सनदिया के छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंच से पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) आरा कन्हैया कुमार, वनपाल सुश्री अंजली कुमारी (आरा सदर एवं शाहपुर), वनपाल अखिलेश कुमार (उदवंतनगर) तथा वनरक्षी राकेश रंजन, राजेश कुमार, अनुज कुमार, विशाल कुमार, धमेन्द्र कुमार, मनीष कुमार, अजहर आलम, आशा कुमारी, नैना कुमारी, प्रियंका कुमारी एवं पिंकी कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


