Koilwar Town: 19 जनवरी की शाम कोईलवर थाना क्षेत्र के दौलतपुर हरंगी बांध के समीप बबुरा स्थित गैस एजेंसी के मुंशी चंद्रकांत सिंह से हथियार के बल पर करीब 55 हजार रुपए की डकैती की गयी थी।
- हाइलाइट: Koilwar Town – अब कुर्की की बारी:
- कोर्ट के आदेश पर कोईलवर थाने की पुलिस द्वारा की गयी इश्तेहार की कार्रवाई
- कोईलवर नगर के वार्ड दो, हरंगी टोला और सुरौंधा कॉलोनी में चिपकाए गए इश्तेहार
- दौलतपुर हरंगी बांध के पास 19 जनवरी को की गयी थी डकैती, विरोध पर मारी गयी थी गोली
- चार अभियुक्त पूर्व में गिरफ्तार, एक की गिरफ्तारी पर कोर्ट की लगी है रोक
आरा। कोईलवर थाना क्षेत्र में जनवरी माह में गैस एजेंसी से डकैती के मामले में कानूनी कार्रवाई तेज हो गयी है। इस मामले में पुलिस की ओर से फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू की गयी है। उसके तहत सोमवार को चार अभियुक्तों के घरों पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गयी। न्यायालय का आदेश मिलने के बाद थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र के नेतृत्व में पुलिस द्वारा अभियुक्तों के घरों में इश्तेहार चिपकाया गया।
Koilwar Town: इश्तेहार के बाद अब कुर्की की बारी
अभियुक्तों में कोईलवर वार्ड नंबर दो निवासी लाल बाबू राय के पुत्र अरविंद कुमार, वार्ड नंबर-13 सुरौंधा कॉलोनी निवासी सुरेश प्रसाद के पुत्र साहिल कुमार, सुरौंधा कॉलोनी के ही पियर राम के पुत्र गोलू कुमार और उसी थाना क्षेत्र के हरंगी टोला निवासी सुदामा राय के पुत्र अमित कुमार उर्फ रोहित उर्फ मांझिया शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इश्तेहार चिपकाने के बाद भी समर्पण नहीं किये जाने पर इन सभी के खिलाफ कुर्की की जायेगी। इस मामले में पूर्व में पुलिस द्वारा चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज जा चुका है।
इधर, न्यायालय की ओर से एक अभियुक्त की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। पुलिस अधीक्षक राज की ओर से सोमवार को प्रेस बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार 19 जनवरी की शाम कोईलवर थाना क्षेत्र के दौलतपुर हरंगी बांध के समीप बबुरा स्थित गैस एजेंसी के मुंशी चंद्रकांत सिंह से हथियार के बल पर करीब 55 हजार रुपए की डकैती की गयी थी। विरोध करने पर अपराधियों द्वारा फायरिंग भी की गयी थी। गोली मुंशी के सिर को छुते हुए निकल गयी थी, जिससे वे जख्मी हो गए थे।
घटना के समय मुंशी कलेक्शन के पैसे लेकर गैस एजेंसी के ही पिकअप चालक के साथ गोदाम से घर लौट रहे थे। उस मामले में जख्मी दौलतपुर गांव निवासी मुंशी चंद्रकांत सिंह के बयान पर बाइक सवार करीब आधा दर्जन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अनुसंधान में सभी अभियुक्तों का नाम आया था। उस आधार पर पूर्व में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। चार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार नहीं होने की स्थिति में इश्तेहार की कार्रवाई की गयी है।


