Homeशाहपुरसरनाशाहपुर प्रखंड के रमदतही दियारा में भीषण अगलगी, गेहूं की फसल जलकर...

शाहपुर प्रखंड के रमदतही दियारा में भीषण अगलगी, गेहूं की फसल जलकर खाक

Ramdathhi Diara: 112 की पुलिस टीम, करनामेपुर थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया।

jay kumar
  • हाइलाइट: Ramdathhi Diara
  • आग लगने का प्राथमिक कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है

आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत सरना पंचायत के रमदतही दियारा क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर दर्जनों एकड़ में लहलहाती गेहूं की फसल भीषण आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गई। इस भीषण अग्निकांड से स्थानीय किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दोपहर के समय लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से खेतों में फैल गईं, जिससे बधार में खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सैकड़ों क्विंटल तैयार फसल जलकर स्वाहा हो चुकी थी।

Ramdathhi Diara: आग बुझाने का काफी प्रयास किया गया

सरना पंचायत के मुखिया बीरबल सिंह, 112 की पुलिस टीम, करनामेपुर थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया। अपनी मेहनत की कमाई आंखों के सामने राख होते देख किसानों में गहरा दुख व्याप्त है।

घटना में प्रभावित होने वाले किसानों में चैत यादव, दशरथ पासवान, निशांत मिश्रा, पतिराम राम और कन्हैया सिंह सहित लगभग 20 से 25 किसान शामिल हैं, जिनकी जीविका का मुख्य आधार यही फसल थी। मुखिया बीरबल सिंह ने घटना की सूचना तत्काल अंचल प्रशासन को दे दी है और प्रभावित किसानों की सूची करनामेपुर थाना में भी जमा करा दी गई है। मुखिया ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस आपदा से प्रभावित किसानों का त्वरित आकलन कर उन्हें उचित क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular