Sanjeet Garhani: मृतक के परिजनों ने इस घटना के पीछे गहरी साजिश और चुनावी रंजिश की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिसे देखकर उन्होंने साफ तौर पर जहर देकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
- हाइलाइट: Sanjeet Garhani
- भोजपुर में पूर्व पंसंस सह उप प्रमुख पति की हत्या
- हत्या कर फेंका गया शव चवरिया बधार से बरामद
- चुनावी रंजिश में जहर देकर मारने का लगाया जा रहा आरोप
- ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोड किया जाम
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
आरा। भोजपुर जिला अंतर्गत नारायणपुर थाना क्षेत्र के चवरिया गांव के बधार में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जिनकी पहचान गड़हनी थाना क्षेत्र के बगवां गांव निवासी 40 वर्षीय संजीत कुमार सिंह उर्फ टंटन कुमार के रूप में की गई है। संजीत कुमार सिंह पूर्व में पंचायत समिति सदस्य (पंसंस) रह चुके थे और उनकी पत्नी पुष्पा देवी वर्तमान में गड़हनी प्रखंड की उप प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
Sanjeet Garhani : एफएसएल की टीम एवं पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-वन राजकुमार साह, पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह, नारायणपुर थानाध्यक्ष संजीत शर्मा, गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत एवं पवना थानाध्यक्ष अनीष कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच प्रक्रिया शुरू की। साक्ष्यों के उचित संकलन हेतु एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि घटना से जुड़े वैज्ञानिक सबूतों को जुटाया जा सके।
मृतक के परिजनों ने इस घटना के पीछे गहरी साजिश और चुनावी रंजिश की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिसे देखकर उन्होंने साफ तौर पर जहर देकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना की खबर जैसे ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैली, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोग इस घटना के तरीके और इसके पीछे के संभावित कारणों को लेकर चिंतित और आक्रोशित हैं।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त हो गया। न्याय की मांग और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जिद को लेकर ग्रामीणों ने बगवां रेलवे गुमटी के समीप शव को रखकर सड़क जाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम को हटवाया। साथ ही शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।


