Yuva RJD Team Shahpur: सेमरिया समेत कई इलाकों का किया दौरा; बांधों और घरों की छतों पर रहने को मजबूर हैं ग्रामीण, मूलभूत सुविधाओं की कमी का आरोप
- हाइलाइट:Yuva RJD Team Shahpur
- शाहपुर प्रखंड की सभी पंचायतों को पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग
आरा/शाहपुर। बाढ़ प्रभावित शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में युवा राजद की टीम ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया। युवा राजद शाहपुर के अध्यक्ष भाई बरमेश्वर के नेतृत्व में टीम ने भैसहा टोला, सेमरिया, बरीसवन, हीरकी पिपरा, सुनकी, सुहिया, होली छपरा, बुझा राय के डेरा, धमवल, बहोरनपुर और गोविंदपुर समेत कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण किया।
Yuva RJD Team Shahpur : बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को जाना, मदद का भरोसा
इस दौरान युवा राजद की टीम ने बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई परिवार गांव छोड़कर बांधों पर रहने को मजबूर हैं, जबकि कुछ लोग अपने घरों की छतों पर त्रिपाल लगाकर किसी तरह समय गुजार रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
युवा राजद अध्यक्ष भाई बरमेश्वर ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से विस्थापित होकर बांधों और ऊंचे स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। जबकि कई लोग अपने घरों की छतों पर त्रिपाल लगाकर किसी तरह समय गुजार रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल चिन्हित जगहों व लोगों तक नहीं, बल्कि प्रभावित सभी लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि बाढ़ पीड़ित परिवारों को कठिन परिस्थितियों में कुछ राहत मिल सके। उन्होंने बिहार सरकार से मांग की कि शाहपुर प्रखंड की सभी पंचायतों को पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित घोषित किया जाए।
युवा राजद की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। टीम के सदस्यों ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए।
इस दौरान जिला परिषद प्रतिनिधि लालू यादव, परशुराम यादव, हरिश्चंद्र यादव, अशोक राम, राकेश यादव, अक्षय कुमार, राकेश कुमार, बीरेंद्र समेत युवा राजद की टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

