Mangal Miyan Garhani: चरपोखरी पुलिस ने गड़हनी पुलिया के समीप की छापेमारी; एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
- हाइलाइट: Mangal Miyan Garhani
- गुटखा-सिगरेट की गुमटी की आड़ में गांजा बिक्री का आरोप, 63 ग्राम मादक पदार्थ के साथ संचालक गिरफ्तार
आरा/चरपोखरी। मादक पदार्थों की बरामदगी और अवैध कारोबार के खिलाफ भोजपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत चरपोखरी थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गड़हनी पुलिया के समीप स्थित एक गुमटी से 63 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में गुमटी संचालक को गिरफ्तार किया गया है।
Mangal Miyan Garhani : गिरफ्तार आरोपित गड़हनी गांव निवासी
गिरफ्तार आरोपित की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गांव निवासी मंगरु सिद्दीकी के पुत्र मो. बशीर उर्फ मंगल मियां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुमटी में गुटखा और सिगरेट बेचने की आड़ में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसके बाद विशेष छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चरपोखरी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गड़हनी पुलिया के समीप स्थित एक गुमटी में गुटखा-सिगरेट की बिक्री की आड़ में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने गड़हनी पुलिया के समीप स्थित मो. बशीर उर्फ मंगल मियां की गुमटी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान गुमटी से करीब 63 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और बरामद मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने इस संबंध में चरपोखरी थाना में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है। वह गांजा कहां से लाता था। पुलिस मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त मो. बशीर उर्फ मंगल मियां के संभावित नेटवर्क को खंगाल रही है।

