ASI and Chowkidar suspended: समाजसेवी मो. जकी की हत्या के मामले में एसपी अवधेश दीक्षित ने चरपोखरी थाना के एएसआई राजवीर कुमार और चौकीदार बीरबल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
- हाइलाइट: मो.जकी हत्याकांड: ASI and Chowkidar suspended
- मृतक की मां ने सात नामजद समेत चार अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी
आरा। चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गांव स्थित इस्लामगंज टोला निवासी समाजसेवी मो. जकी की हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने कड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने चरपोखरी थाना में तैनात एएसआई राजवीर कुमार और गड़हनी के इस्लामगंज टोला के चौकीदार बीरबल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दोनों पर अपने कर्तव्यों के निर्वहन में शिथिलता और लापरवाही बरतने का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि, शुक्रवार की देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने गड़हनी गांव के इस्लामगंज टोला स्थित वार्ड नंबर-4 में मो. जकी के घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की मां आमना खातून के बयान पर दंपती समेत सात नामजद आरोपियों और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि मो. जकी गांव में कथित रूप से हेरोइन और अन्य सूखे मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। इसी विरोध के कारण उनकी गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।

