Laharpa आरा/गडहनी। पूर्व मुखिया पुत्र हत्याकांड मामले में फरार चल रहे आरोपित को गड़हनी थाना पुलिस एवं डीआईयू की संयुक्त टीम के द्वारा गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी नवादा थाना क्षेत्र इलाके के रमना मैदान के पास से हुई। वह गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव निवासी संजय सिंह का पुत्र साहुल कुमार है। वह अप्राथमिकी अभियुक्त बताया जा रहा है।
बता दें कि बीते 4 अप्रैल की सुबह गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव (Laharpa) वार्ड नंबर-1 निवासी पूर्व मुखिया पुत्र रितेश सिंह उर्फ भुअर सिंह की हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय घटी जब वे अपनी पत्नी श्वेता सिंह को स्कूटी द्वारा बनकट स्थित स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। उस दौरान बनकट गांव स्थित नहर के किनारे अज्ञात अपराधियों द्वारा गोलियों से भूनकर उनकी हत्या कर दी गई थी।
उस वक्त प्रतिशोध में हत्या करने की बात सामने आई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी श्वेता सिंह द्वारा लहरपा गांव निवासी मकरध्वज उर्फ रणवीर यादव, मनीष कुमार एवं हीरालाल यादव सहित 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अनुसंधान के क्रम में साहुल कुमार का नाम आया था। इस कांड में पुलिस ने अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

