Majhauwa Dam Ara: आरा के टाउन थाना क्षेत्र स्थित मझौंवा बांध के समीप गुरुवार सुबह अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
- हाइलाइट:Majhauwa Dam Ara
- आरा में अज्ञात महिला कि पीट-पीटकर हत्या
- टाउन थाना क्षेत्र के मझौंवा बांध के समीप की घटना
- पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुटी
- एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर इकट्ठा किए साक्ष्य
आरा। टाउन थाना क्षेत्र के मझौंवा बांध के समीप गुरुवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया। एफएसएल टीम के सदस्यों ने मौके से विभिन्न साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस ने घटनास्थल से पैसे भी बरामद किए हैं। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त महिला मझौंवा बांध और संभावना स्कूल के आसपास घूम-घूमकर भीख मांगती थी। हालांकि, उसकी हत्या किस कारण से की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। महिला की पहचान भी अब तक नहीं हो पाई है।
पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।


