Homeआरा भोजपुरबिहियाजवाहर नवोदय विद्यालय बिहिया में छात्राओं का हंगामा, तीन शिक्षिकाओं पर मारपीट...

जवाहर नवोदय विद्यालय बिहिया में छात्राओं का हंगामा, तीन शिक्षिकाओं पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

कक्षा 10 की छात्राओं की पिटाई के आरोप पर प्रशासनिक गेट के सामने धरने पर बैठीं छात्राएं, जांच के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

Jawahar Navodaya Vidyalaya Bihiya: भोजपुर के बिहिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्राओं ने तीन शिक्षिकाओं पर दो छात्राओं की पिटाई और दो अन्य को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। अधिकारियों के निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्राएं धरना समाप्त करने पर सहमत हुईं।

  • हाइलाइट: Jawahar Navodaya Vidyalaya Bihiya
  • छात्राओं के प्रदर्शन की सूचना पर बीडीओ-सीओ पहुंचे
  • वही, मामला तूल पकड़ने के बाद पहुंचे वरीय अधिकारी

बिहिया/आरा। जवाहर नवोदय विद्यालय, बिहिया में गुरुवार को छात्राओं ने तीन शिक्षिकाओं पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी छात्राएं प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संकाय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गईं। छात्राओं ने आरोपी शिक्षिकाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें विद्यालय से हटाने की मांग की।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय की एचएम चंद्र कांति कुमारी, जीवविज्ञान शिक्षिका अनुपमा कुमारी और अंग्रेजी शिक्षिका रेनू कुमारी ने कक्षा 10वीं की दो छात्राओं के साथ मारपीट की। छात्राओं के अनुसार, दोनों पीड़ित छात्राओं को ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए श्रीनगर जाना था और उन्हें बिहार का प्रतिनिधित्व करना था। आरोप है कि प्रतियोगिता को लेकर उनका उत्साह बढ़ाने के बजाय उनके साथ मारपीट की गई।

Jawahar Navodaya Vidyalaya Bihiya: मैट्रॉन को लेकर विवाद की बात सामने आई

प्रदर्शनकारी छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में छात्राओं की देखभाल करने वाली मैट्रॉन संध्या कुमारी और आरोपी शिक्षिकाओं के बीच पहले से विवाद चल रहा था। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षिकाएं चाहती थीं कि छात्राएं मैट्रॉन के खिलाफ प्राचार्य को शिकायत-पत्र दें।

छात्राओं के अनुसार, कई छात्राओं ने मैट्रॉन के पक्ष में पत्र लिखना शुरू कर दिया। इसी बात से नाराज होकर शिक्षिकाओं ने कथित तौर पर दो छात्राओं के साथ मारपीट की। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि इसी दौरान एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। बाद में उसे इलाज के लिए बिहिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

दो अन्य छात्राओं को मानसिक प्रताड़ना का आरोप
छात्राओं ने दो अन्य छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कथित रूप से माफी मांगने के बावजूद दोनों छात्राओं को नहीं बख्शा गया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और एक छात्रा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

हालांकि, आरोपी शिक्षिकाओं से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

प्राचार्य और अभिभावकों ने समझाने का प्रयास किया

घटना से नाराज छात्राएं आरोपी शिक्षिकाओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर डटी रहीं। विद्यालय के प्राचार्य प्रभाष कुमार राय, शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोगों ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने की बात कहती रहीं।

बताया गया कि धरना शाम करीब छह बजे से रात नौ बजे तक चला। छात्राओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर बिहिया बीडीओ अर्चना वर्मा, सीओ निलेश कुमार और बिहिया पुलिस विद्यालय पहुंची। कैमूर जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य भी मौके पर पहुंचे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्राओं को मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्राएं धरना समाप्त करने पर सहमत हुईं।

वरीय अधिकारियों ने छात्राओं से की बातचीत
मामला तूल पकड़ने के बाद भोजपुर एडीएम डॉ. शशि शेखर और जिला शिक्षा पदाधिकारी भी विद्यालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्राचार्य के कक्ष में छात्राओं से बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने मामले से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही।

प्राचार्य ने बताई घटना की अलग वजह

विद्यालय के प्राचार्य प्रभाष कुमार राय ने बताया कि मैट्रॉन की ओर से एक पत्र दिया गया था, जिस पर सीनियर छात्राओं से हस्ताक्षर कराए गए थे। इसके बाद सीनियर छात्राओं की हाउस मिस्ट्रेस नाराज हो गईं। प्राचार्य के अनुसार, इसी क्रम में भावना नाम की एक छात्रा को थप्पड़ मारने और अभिभावक को बुलाने की धमकी देने की बात सामने आई, जिसके बाद मामला बढ़ गया।

प्राचार्य ने बताया कि पिटाई के बाद एक छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उन्होंने कहा कि मामले को संबंधित अधिकारियों ने संज्ञान में लिया है। जांच के लिए कैमूर के जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य और पटना से एक वरिष्ठ शिक्षिका को भेजा गया है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular