Criminal syndicate Bhojpur: भोजपुर पुलिस ने भूमि विवाद, रंगदारी, अवैध कब्जे, मादक पदार्थों और आपराधिक सिंडिकेट से जुड़े लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की जानकारी दी है। पुलिस ने आम लोगों से वैध कानूनी प्रक्रिया अपनाने और धमकी या रंगदारी की स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।
- हाइलाइट:Criminal syndicate Bhojpur
- पुलिस ने खुर्शीद कुरैशी और धनजी यादव समेत अन्य असामाजिक तत्वों को किया चिन्हित।
आरा। भोजपुर पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों के जान-माल की सुरक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में भोजपुर पुलिस द्वारा जिले में भूमि विवादों, रंगदारी और अवैध कब्जों में लिप्त ऐसे सभी भू-माफियाओं, नशीले पदार्थों के कारोबारियों, आपराधिक सिंडिकेट तथा उनके मददगारों की एक व्यापक सूची तैयार की जा रही है।
इन सभी सिंडिकेट से जुड़े किसी भी व्यक्ति, चाहे वह प्रत्यक्ष रूप से अपराध में शामिल हो या अप्रत्यक्ष रूप से वित्तपोषण, शरण देने या बेनामी संपत्तियों के प्रबंधन में सहायता कर रहा हो, को चिन्हित कर विशेष अभियान के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसी कार्यवाही के दौरान यह संज्ञान में आया है कि आदतन अपराधी खुर्शीद कुरैशी (पिता: जमील कुरैशी, साकिन: कसाई टोला, थाना आरा नगर) एवं धनजी यादव (पिता: लाल बहादुर, साकिन: शीतल टोला, थाना आरा नगर) भूमि विवादों, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, हत्या के प्रयासों तथा आम जन-मानस में भय का माहौल पैदा करने जैसी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।
Criminal syndicate Bhojpur: आम जनता एवं पीड़ित व्यक्तियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश:
- भूमि विवादों एवं लेनदेन में सतर्कता:
आम नागरिकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी प्रकार के भूमि क्रय-विक्रय या संपत्ति विवादों के निपटारे हेतु केवल वैध कानूनी प्रक्रियाओं एवं राजस्व या न्यायिक मंचों का सहारा लें। किसी भी असामाजिक तत्व, गिरोह या सिंडिकेट के माध्यम से विवादों को सुलझाने या रंगदारी देने का प्रयास न करें। - बिना डर शिकायत दर्ज कराएं (सुरक्षा की गारंटी):
यदि उपर्युक्त व्यक्तियों, उनके सिंडिकेट या किसी भी अन्य असामाजिक तत्व द्वारा भूमि विवाद में हस्तक्षेप, रंगदारी की मांग, धमकी या अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जाता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। भोजपुर पुलिस शिकायतकर्ता और गवाहों की पहचान पूर्णतः गुप्त रखेगी तथा उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान करेगी। - कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी:
(1) अपराधियों एवं उनके सिंडिकेट को किसी भी प्रकार की सहायता, वित्तीय लेनदेन या शरण देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम एवं अन्य सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत सह-अभियुक्त बनाकर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
(2) सिंडिकेट के बल पर जमीनों पर अवैध कब्जा करने या कराने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
आपातकालीन एवं गोपनीय सूचना देने हेतु संपर्क सूत्र:
यदि किसी भी नागरिक के पास इन अपराधियों, इनके गिरोह या सिंडिकेट के संबंध में कोई गोपनीय सूचना या शिकायत है, तो वे निसंकोच निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
- पुलिस अधीक्षक का मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर: 9031826621
- आपातकालीन सेवा: 112
- सूचना देने वाले का नाम एवं विवरण पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।






