Ara News: आरा नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ला निवासी क्षत्रिय कल्याण संघ के अध्यक्ष और पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है।
- हाइलाइट: Ara News: क्षत्रिय कल्याण संघ अध्यक्ष हत्याकांड
- सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे पूर्व अधिकारी को गोली मार भागते बाइक सवार तीन बदमाश
- पुलिस की जांच में बलबतरा सहित दो-तीन अन्य जगहों की जमीन की विवाद की आ रही बात
- पुलिस ने दूसरे दिन भी एक कथित आरोपित को उठाया, पूछताछ के आधार पर चल रही छापेमारी
- आरा नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी में गुरुवार की अहले सुबह गोली मार कर की गयी थी हत्या
आरा: नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ला निवासी क्षत्रिय कल्याण संघ के अध्यक्ष और पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है। माना जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल शूटरों की पहचान कर ली गई है और पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है। फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्धों को पूर्व अधिकारी पर गोली चलाकर भागते हुए देखा जा रहा है। पुलिस का अनुमान है कि वारदात को अंजाम देने से पहले रामकुमार सिंह की करीब तीन दिनों तक रेकी की गई थी।
जांच में सामने आया है कि रामकुमार सिंह रोज सुबह अपने बड़े बेटे के साथ रमना मैदान में टहलने जाते थे। गुरुवार सुबह करीब छह बजे वह कार निकालने के बाद गैराज में ताला लगा रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। परिजनों के अनुसार, उन्हें सात से आठ गोलियां मारी गईं। गंभीर रूप से घायल रामकुमार सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Ara News: मोबाइल सर्विलांस से संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश
सीसीटीवी फुटेज के अलावा पुलिस मोबाइल सर्विलांस की भी मदद ले रही है। घटना के समय घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों का डाटा तैयार किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शूटरों और उनके सहयोगियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने दूसरे दिन भी बड़की सिंगही निवासी एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। उसका नाम मृतक की पत्नी सुशीला देवी की ओर से नवादा थाने में दिए गए आवेदन में भी शामिल बताया जा रहा है।
जमीन विवाद के एंगल से भी जांच
पुलिस जांच में बरहबतरा सहित दो-तीन अन्य जमीनों को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इस एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने आरोप लगाया है कि बरहबतरा स्थित 14 कट्ठा जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से उनके पति की हत्या की गई।
सुशीला देवी ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव पर कार्रवाई नहीं करने और आरोपितों से मिलीभगत का आरोप लगाया था। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को निलंबित कर दिया है।
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि हत्याकांड में शामिल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने जल्द ही मामले में परिणाम सामने आने की बात कही है।
महुली गंगा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह के शव का अंतिम संस्कार शुक्रवार को सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली गंगा नदी घाट पर किया गया। उनके बड़े पुत्र राजेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा। इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह उर्फ मंटू सिंह, जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।






