Ara Police: भोजपुर जिले की आरा नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता प्राप्त की है।
- हाइलाइट: Ara Police
- बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, चोरी की 5 बाइक बरामद
- जिले के अलग-अलग इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने की गिरफ्तारी
आरा, भोजपुर। जिले की आरा नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस की विशेष टीम ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान सुनिश्चित हुई।
इसकी जानकारी सदर एसडीपीओ वन राजकुमार साह ने शुक्रवार को नगर थाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचनाओं के आधार पर गिरोह के ठिकानों पर दबिश दी और पांच अपराधियों को धर दबोचा।
Ara Police: गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में..
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान सोनू शुक्ला उर्फ मृत्युंजय (निवासी शुक्लपुरा, धोबहा), पिंटू कुमार (निवासी बीरमपुर, गीधा), महेंद्र कुमार उर्फ मैंना (निवासी बीरमपुर, गीधा), मोतीलाल कुमार (निवासी बीरमपुर, गीधा) और श्यामबाबू राय उर्फ लालू (निवासी सोनघट्टा, गीधा) के रूप में हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई में बरामद की गई पांच बाइकों में से दो बीरमपुर से, दो सोनघट्टा से और एक सदर अस्पताल परिसर से मिली हैं। जांच के दौरान यह पाया गया कि बरामद बाइकें अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। इनमें से एक बाइक इसी वर्ष पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी, जबकि दूसरी बाइक बिहिया थाना क्षेत्र की है। वहीं, सदर अस्पताल परिसर से बरामद बाइक 17 मार्च को चोरी की गई थी।
इस छापेमारी टीम में नगर थानाध्यक्ष देवराज राय के साथ दारोगा नुमान अली शौकत, दारोगा मधु कुमारी, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक जावेद आलम, गार्ड गौरव कुमार चौबे, दीपक कुमार और क्रॉस मोबाइल के जवान संतोष कुमार भारती, अभिषेक कुमार एवं मोहम्मद इम्तियाज शामिल थे।
बता दें कि आरा पुलिस लगातार वाहन चोरों के खिलाफ सक्रिय है। इससे पूर्व 16 मार्च को भी नगर थाना पुलिस ने एक अन्य अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से चोरी की 11 बाइकें बरामद की थीं, जिनमें से 9 का सत्यापन किया जा चुका है। पुलिस की इस निरंतर कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप है।


