Homeआरा भोजपुरबिहियाबिहिया के बगही फायरिंग मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा...

बिहिया के बगही फायरिंग मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद

Bagahi Firing Case: बिहिया थाना के बगही गांव निवासी फूलवंती देवी ने अपने दामाद सरोज नट और अमृत नट सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

jay kumar
  • हाइलाइट:Bagahi Firing Case
  • हथियार बरामदगी को लेकर गिरफ्तार दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत एक नई प्राथमिकी दर्ज

आरा/बिहिया। भोजपुर जिले की बिहिया थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए फायरिंग मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के बेलवनिया गांव में मंगलवार को छापेमारी के दौरान की। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध हथियार भी बरामद किया है। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक राज ने दी।

पुलिस अधीक्षक राज द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बेलवनिया गांव निवासी सरोज नट (पिता स्व. रामलाल नट) और अमृत नट (पिता धनजी नट) के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी गांव में छिपे हुए हैं, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

बता दें की यह मामला बीते 21 जुलाई 2025 की रात का है। आरोपी सरोज नट अपने अन्य साथियों के साथ बिहिया थाना क्षेत्र के बगही गांव स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था। वहां उसने अपनी सास के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर जब आसपास के ग्रामीण और परिजन वहां इकट्ठा होने लगे, तो सरोज नट ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

इस संबंध में बगही गांव निवासी फूलवंती देवी (पति सुरेंद्र नट) ने अपने दामाद सरोज नट और अमृत नट सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने घर के दरवाजे पर आकर दुर्व्यवहार किया और हथियार लहराते हुए जानलेवा हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद से ही आरोपीयों को पुलिस तलाश कर रही थी।

इधर, बिहिया थानाध्यक्ष सुदेश्वर कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही उनके पास से अवैध हथियार की बरामदगी हुई है। इस संबंध में बिहिया थाने में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत एक नई प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular