Bharat Bhushan Tiwari: क्या भरत भूषण तिवारी वास्तव में अपराधी था या एक ऐसा व्यक्ति जो अपनी बात सुनाते-सुनाते इस कदर हताश हो गया कि उसने खुद को विनाश की ओर धकेल दिया?
भरत भूषण तिवारी उन युवाओं की मनोदशा का प्रतिबिंब है जो सिस्टम की उपेक्षा से हताश होकर खुद ही न्याय करने या विद्रोह का रास्ता चुन लेते हैं।
भोजपुर एनकाउंटर पर सवाल थम नहीं रहे – पुलिस आत्मरक्षा कह रही है, परिवार साजिश बता रहा है; सच जांच से ही बाहर आएगा।”
इस घटना की निष्पक्ष जांच न केवल पुलिस की विश्वसनीयता के लिए आवश्यक है, बल्कि उन सवालों के जवाब के लिए भी अनिवार्य है जो आज आम नागरिक के मन में उठ रहे हैं।
- हाइलाइट:
- मंगलवार शाम को सबको ठोक देने की धमकी
- बुधवार सुबह गोली चलायेगा रे… की चुनौती
- भरत भूषण तिवारी का अंत काफी दुखद
आरा। भोजपुर के शाहपुर में घटित हुई भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत का मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर इस घटना ने एक गंभीर बहस को जन्म दिया है, जहां आम जनता से लेकर प्रबुद्ध वर्ग तक, हर कोई इस घटना को अपने दृष्टिकोण से देख रहा है। यह केवल एक व्यक्ति की मौत का मामला नहीं है, बल्कि यह उस व्यवस्थागत विफलता की ओर भी इशारा करता है, जो कई बार एक सामान्य नागरिक को चरमपंथी कदमों की ओर धकेल देती है।
Bharat Bhushan Tiwari : प्रशासन की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट था
भरत भूषण तिवारी की फेसबुक गतिविधियों पर यदि हम एक नज़र डालें, तो यह स्पष्ट होता है कि वह लंबे समय से बिहार सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट था। विशेष रूप से जवइनिया कटाव पीड़ितों के पुनर्वास को लेकर उसकी सक्रियता और उसके द्वारा लगातार की जा रही शिकायतें यह बताती हैं कि वह सिस्टम की खामियों को लेकर काफी आक्रोशित था। उसके फेसबुक पोस्ट महज एक व्यक्ति का गुस्सा नहीं थे, बल्कि वे उस व्यवस्था के प्रति एक चेतावनी थे, जिसे वह नाकारा समझता था।
पांच दिन पूर्व का उसका वह पोस्ट जिसमें उसने मिट्टी भराई के कार्य में देरी और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को चुनौती दी थी, यह दर्शाता है कि उसका संघर्ष व्यक्तिगत न होकर सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ था। खुद को एक क्रांतिकारी की संज्ञा देते हुए वह लगातार प्रशासन को सुधारने की बात करता था। हालांकि, इस पूरे मामले का दूसरा पहलू यह भी है कि उसकी भाषा और व्यवहार में बढ़ती तल्खी ने पुलिस के साथ टकराव की स्थिति पैदा कर दी।
पुलिस की सुस्ती पर सवाल, एनकाउंटर पर बवाल
सोशल मीडिया पर इस घटना के बाद प्रतिक्रियाओं में गहरा विरोधाभास देखने को मिल रहा है। मंगलवार की रात जब भरत भूषण तिवारी पुलिस को खुलेआम धमकियां दे रहा था और हथियार लहराते हुए वीडियो बना रहा था, तब सोशल मीडिया का एक बड़ा वर्ग पुलिस की कार्यप्रणाली और उसकी सुस्ती पर सवाल उठा रहा था। लेकिन जैसे ही एनकाउंटर की खबर आई, वही वर्ग पुलिस की कार्रवाई की निंदा करने लगा। यह विरोधाभास हमें एक समाज के रूप में यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या कानून व्यवस्था की स्थिति में हम पुलिस की भूमिका को केवल एक विकल्प के तौर पर देखते हैं।
मौत के साथ ही कई राज हमेशा के लिए दफन हो गए
सबसे बड़ा सवाल यह है कि भरत भूषण तिवारी की मौत के साथ ही कई राज हमेशा के लिए दफन हो गए। उसके पास पिस्टल और गोलियां कहां से आईं? क्या कोई उसे भड़का रहा था या वह वाकई मानसिक रूप से इतना अस्थिर हो चुका था कि उसने पुलिस से टकराने का फैसला लिया? उसके द्वारा हथियार फेंकने के बाद गोली मारे जाने की घटना पर उठ रहे सवाल पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न चिह्न खड़ा करते हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पुलिस के आश्वासन के बाद उसका हथियार छोड़ना और उसके तुरंत बाद हुई कार्रवाई, एक न्यायिक और निष्पक्ष जांच की मांग करती है।
भरत भूषण तिवारी का अंत काफी दुखद रहा। मंगलवार शाम को सबको ठोक देने की धमकी से लेकर बुधवार सुबह गोली चलायेगा रे… की चुनौती तक का उसका सफर यह बताता है कि उसने अपनी पूरी लड़ाई फेसबुक के माध्यम से दुनिया के सामने रखी। वह लगातार लाइव था, वह अपनी बात लोगों तक पहुँचाना चाहता था, लेकिन अंततः हथियार उठा वह एक ऐसी हिंसक परिणति पर पहुँच गया, जहाँ संवाद की हर संभावना समाप्त हो गई।

