Homeबिहारभोजपुरफूड प्वाइजनिंग के कारण मासूम बच्ची की मौत , तीन अक्रांत

फूड प्वाइजनिंग के कारण मासूम बच्ची की मौत , तीन अक्रांत

Rampur: भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में फूड प्वाइजनिंग के कारण ननिहाल आई एक मासूम बच्ची की मौत हो गई।

jay kumar
  • हाइलाइट: Rampur
  • बीमार लोगों में बुजुर्ग महिला इलाज के लिए सदर अस्पताल से पटना रेफर
  • धोबहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में मंगलवार की सुबह घटी घटना

आरा। भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में फूड प्वाइजनिंग के कारण ननिहाल आई एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। इलाज के दौरान सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में उसने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बड़ी बहन व नाना-नानी समेत तीन लोग बीमार हो गए। इसके बाद सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद मृत बच्ची की नानी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार मृत बच्ची बड़हरा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव निवासी मनोज सिंह की 4 वर्षीया पुत्री नव्या कुमारी है। जबकि बीमार लोगों में मृत बच्ची की 6 वर्षीया बड़ी बहन तान्या कुमारी व धोबहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 73 वर्षीय उसके नाना कन्हैया सिंह एवं 66 वर्षीया उसकी नानी बेदामो देवी शामिल है।

इधर, मृत बच्ची के चचेरे मामा श्याम बहादुर ने बताया कि वह अपनी मां, भाई एवं बहन के साथ दो महीना पहले घूमने के लिए अपने ननिहाल रामपुर गांव आई थी। इसी बीच बरसात शुरू हो गई और उसके गांव में बाढ़ आ गया। जिसके कारण वह नहीं जा सकी।

उन्होंने बताया कि हर रोज की तरह सोमवार की रात सभी लोगों ने खाना में रोटी, चावल और दाल खाया था। मंगलवार को सुबह होते ही सभी लोगों की तबीयत खराब हो गई और सभी को उल्टी व दस्त होने लगा। इसके बाद सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार की शाम नव्या कुमारी ने दम तोड़ दिया। जबकि उसकी नानी बेदामो देवी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। वही उसके नाना कन्हैया सिंह एवं बड़ी बहन तान्या कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि मृत बच्ची अपने दो बहन व एक भाई में दूसरे स्थान पर थी उसके परिवार में मां कंचन देवी व एक बहन तान्या कुमारी एवं एक भाई आदित्य कुमार है। मृत बच्ची के पिता प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। घटना के बाद मृत बच्ची की मां कंचन देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular