Chhotka Chanda: घायल युवक छोटका चंदा गांव निवासी शिव भजन राय के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार है, जो पेशे से पलंबर मिस्त्री हैं।
- हाइलाइट: Chhotka Chanda
- हथियारबंद बदमाशों ने पलंबर मिस्त्री को मारी गोली, दो हिरासत में
- जख्मी युवक का सदर अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
- आपसी विवाद में गोली मारने की सामने आ रही बात
- पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी
आरा, बिहार। भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र स्थित छोटका चंदा गांव में रविवार की शाम आपसी विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जब हथियारबंद बदमाशों ने यज्ञशाला महावीर मंदिर के समीप एक पलंबर मिस्त्री को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना से गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक छोटका चंदा गांव निवासी शिव भजन राय के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार है, जो पेशे से पलंबर मिस्त्री हैं। उन्हें बाएं पैर की जांघ में गोली लगी है, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू की।
Chhotka Chanda: सुबह में गाली-गलौज और मारपीट, शाम में मारी गोली
इधर, घायल विनोद कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई मंतोष कुमार, जो उदवंतनगर प्रखंड के पशुपालन विभाग में निजी तौर पर काम करते हैं, शनिवार रात अपनी ड्यूटी से लौटते समय गांव के चार युवकों द्वारा बीच रास्ते में रोककर उनसे गाली-गलौज की गई। इसके बाद बिना कुछ बोले वे घर वापस लौट आए। रविवार की सुबह जब उनके भाई ने उक्त युवकों के परिजन कन्हैया राय से इस घटना की शिकायत की, तो उनके साथ फिर गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस घटना के बाद स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
विनोद कुमार ने आगे बताया कि जब वे लोग थाने से वापस आए, तो आरोपी युवक लाठी-डंडों और हथियारों के साथ उनके दरवाजे पर पहुंचे और मारपीट करने लगे। इसी दौरान उनके भाई विनोद को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। विनोद कुमार ने गांव के ही अनिल कुमार, रामजी राय, मनीष कुमार सहित उनके साथ रहे अन्य लोगों पर मारपीट करने एवं गोली मारने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र ने बताया कि यह मामला पड़ोसियों के बीच चले आ रहे आपसी विवाद का है। सुबह में भी इन पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, और उसी विवाद ने शाम को गोलीबारी का रूप ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे सघन पूछताछ जारी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


