Homeआरा भोजपुरजगदीशपुरबच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़: अगवा दो बच्चे बरामद, तीन महिलाओं समेत...

बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़: अगवा दो बच्चे बरामद, तीन महिलाओं समेत पांच आरोपित गिरफ्तार

जगदीशपुर थाने की पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Child lifter gang: भोजपुर की जगदीशपुर थाने की पुलिस द्वारा बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस द्वारा अगवा दो बच्चों की बरामदगी करने के साथ पांच आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया है।

  • हाइलाइट :
    • जगदीशपुर थाने की पुलिस को मिली बड़ी सफलता:
    • बच्ची की बरामदगी में जुटी पुलिस को पिछले साल बिहिया से अगवा बच्चा भी मिला
    • अगवा करने के बाद डेढ़ से दो लाख रुपए में नि: संतान महिलाओं को बेचे जाते थे बच्चे

Child lifter gang आरा। भोजपुर की जगदीशपुर थाने की पुलिस द्वारा बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस द्वारा अगवा दो बच्चों की बरामदगी करने के साथ पांच आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया है। बरामद बच्चों में एक को पिछले साल फरवरी माह में ही अगवा किया गया था। दूसरी बच्ची को चार रोज पहले अपहरण किया गया था। इन बच्चों में जगदीशपुर के दुलौर गांव निवासी अंतीम पांडेय की चार वर्षीय पुत्री अर्चित पांडेय और बिहिया नगर के राजा बाजार निवासी वीर बहादुर पासवान का तीन वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार है। गिरफ्तार आरोपितों में जगदीशपुर मीट मार्केट निवासी सुरेंद्र यादव की पत्नी पूजा देवी, वार्ड नंबर 15 जगा के पीपल निवासी शिवधारी गोंड, उनकी पत्नी पूनम देवी, अजय केशरी और शाहपुर थाना क्षेत्र के बरिसवन गांव निवासी संतोष गोंड की पत्नी पंचरत्न देवी शामिल हैं। इनमें पूजा देवी पर दोनों बच्चों को चोरी करने का आरोप है। वह अगवा करने के बाद बच्चों को डेढ़ से दो लाख रुपए में नि: संतान महिलाओं को बेच देती थी। बच्चा खरीदने वाली में पूनम देवी और पंचरत्न देवी शामिल हैं।

जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह द्वारा रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि छह मार्च को दुलौर गांव निवासी अंतीम पांडेय की पुत्री अर्चित पांडेय खेलने के दौरान वार्ड नंबर 15 जगा के पीपल के पास से गायब हो गयी थी। उस बच्ची की बरामदगी को लेकर उनके नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम द्वारा पूजा देवी की पहचान कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। तब उसकी निशानदेही पर बच्ची को शाहपुर के बरिसवन गांव निवासी पंचरत्न देवी के घर से बरामद किया गया। तब पंचरत्न देवी को गिरफ्तार किया गया। पूजा देवी से पूछताछ में पिछले साल बिहिया के राजा बाजार से लापता तीन साल के बच्चे अंकुश कुमार की चोरी का भी राज खुल गया। उसकी निशानदेही पर बच्चे को वार्ड नंबर 16 निवासी पूनम देवी के घर से बरामद किया गया।

उस मामले में पूनम देवी और उसके पति शिवधारी गोंड को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी घटना में संलिप्तता सामने आने पर अजय केशरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। टीम में थानाध्यक्ष बिगाउ राम, दारोगा जयंत प्रकाश, जीतेंद्र कुमार, प्रपुअनि सुधांशु कुमार और मीना कुमारी सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।

Child lifter gang: खेलने के दौरान बच्चों को बहला कर अगवा कर दूसरे को बाद बेच देती थी पूजा

पुलिस के अनुसार जगदीशपुर के मीट मार्केट निवासी पूजा देवी खेलने के दौरान मासूम बच्चों को बहला कर अगवा कर लेती थी। उसके बाद बच्चों को दूसरे महिलाओं को बेच देती थी। बता दें कि दुलौर निवासी अंतीम पांडेय की चार वर्षीय पुत्री वार्ड नंबर 15 जगा के पीपल के पास खेल रही थी। उसके बाद से वह गायब हो गयी। खोजबीन के क्रम में सीसीटीवी फुटेज में उसे लाल रंग की साड़ी पहनी महिला के साथ जाते देखा गया। उस आधार पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया। उसके बाद अपहरण का पूरा राज खुल गया।

ठीक उसी तरह पिछले साल 22 फरवरी को बिहिया के राजा बाजार निवासी वीर बहादुर पासवान के तीन वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार को अगवा किया गया था। पुलिस के अनुसार पिछले साल 22 फरवरी को बिहिया के पोखरा स्थित मंदिर में शादी कार्यक्रम के अवसर पर बैंड बाजा बज रहा था। उसमें अंकुश अन्य बच्चों के साथ डांस कर रहा था। उसी बीच वह अचानक गायब हो गया था।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular