CM announcement is incomplete: हरिगाँव स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं को 16 फरवरी तक बहाल न करने पर सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव – भाई दिनेश
- हाइलाइट: CM announcement is incomplete
- डॉक्टर नवीन चंद्र राम गुलाम अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र पर महाधरना
आरा। जगदीशपुर प्रखंड के हरिगाँव स्थित डॉक्टर नवीन चंद्र राम गुलाम अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे चिकित्सा सेवाओं की बहाली को लेकर रविवार को महाधरना का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने कहा कि यदि 16 फरवरी 2026 तक केंद्र में डॉक्टर, नर्स, दवा, एम्बुलेंस, जांच और डिलीवरी जैसी आवश्यक सेवाएँ बहाल नहीं की गईं, तो सिविल सर्जन, भोजपुर के चेंबर का घेराव किया जाएगा। आयोजित महाधरना में हजारों की संख्या में महिलाएँ, पुरुष, बुजुर्ग, नवजवान, छात्र, श्रमिक और खिलाड़ी शामिल हुए, जो अपनी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर एकजुट दिखे। धरने की अध्यक्षता हरिगाँव के मुखिया टूना चौबे ने की, जबकि इसका संचालन बीरेंद्र सिंह ने किया।
महाधरना को संबोधित करते हुए भाई दिनेश ने डीएम,एसडीएम और सिविल सर्जन, भोजपुर से सीधा सवाल किया। उन्होंने पूछा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रगति यात्रा के दौरान 16 फरवरी 2025 को डॉक्टर नवीन चंद्र राम गुलाम अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया गया था, उद्घाटन के 11 माह बीत जाने के बाद भी 24 घंटे डॉक्टर, नर्स, दवा, एम्बुलेंस, जांच और डिलीवरी जैसी मूलभूत सेवाएँ अब तक क्यों बहाल नहीं हो पाई हैं?
भाई दिनेश ने इन अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी लापरवाही और सक्रियता की कमी के कारण ही माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा को आज तक ज़मीन पर उतारा नहीं जा सका है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह स्वास्थ्य केंद्र, जो मॉरीशस के माननीय प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम के पैतृक गाँव में स्थित है, केवल एक दिखावे का ढाँचा बनकर रह गया है, जबकि क्षेत्र की जनता बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित है।
महाधरना के माध्यम से समर्पित मांग पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि 16 फरवरी 2025 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान इस स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया गया था, और उसी समय यह घोषणा की गई थी कि केंद्र में चौबीसों घंटे सभी आवश्यक चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध होंगी। लेकिन आज 4 जनवरी 2026 तक, यानी लगभग एक वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी, मुख्यमंत्री की यह घोषणा अधूरी है। ग्रामीण जनता ने एक स्वर में मांग की है कि केंद्र में अविलंब 24 घंटे डॉक्टर, नर्स, दवा, एम्बुलेंस, जांच और डिलीवरी सेवाएँ बहाल की जाएँ।
CM announcement is incomplete: मुख्यमंत्री आवास पर भी धरना प्रदर्शन करेंगे भाई दिनेश
भाई दिनेश ने आगे की रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो ग्रामीण जनता का अगला कदम 16 फरवरी 2026 को सिविल सर्जन, भोजपुर के चेंबर का घेराव करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के अनुसार 24 घंटे की सेवाएँ बहाल नहीं होती हैं, तो वे माननीय मुख्यमंत्री महोदय, बिहार सरकार के आवास पर भी धरना प्रदर्शन करेंगे। भाई दिनेश ने कहा कि इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में इसकी संपूर्ण जवाबदेही सरकार और प्रशासन की होगी।
कार्यकम में संजय चतुर्वेदी, विदेशी सिंह, सुरेश पहलवान, उमा शंकर सिंह, संजय सिंह,सुरेश सिंह, हृदयानंद सिंह, डब्बू ठाकुर,लाल बाबू सिंह,बीर बहादुर सिंह, रबी पांडे, बिमलेश पांडे, अरुण चौबे, मनोज मिस्र,बीरबल पासवान, नायक सिंह, प्रमोद सिंह, भगत सिंह,चरपोखरी राजद के प्रखंड अध्यक्ष सतनारायण सिंह, चिंता देवी, ममता देवी, पूनम देवी, दिव्या कुमारी अरुणेश सिंह, किरण सिंह, मोहन सिंह,लाल बहादुर सिंह, मंजय सिंह,राजकुमार सिंह, बीर बहादुर साह, मंटू सिंह, श्रीभगवान सिंह, बैजनाथ सिंह, बिजेंद्र सिंह, आलोक सिंह, मो सलाहू दीन अंसारी, अरुण यादव, पिंटू सिंह, भीम पाल, आनंद बिहार, अमीरचंद साह, गुडु चौबे, टुनटुन पांडे, रामलग्न सिंह, धर्मशिला देवी, सुमन देवी, गीता देवी, शास्त्री ठाकुर, रेनू देवी, अलीसर अंसारी, सोनू कुमार, पिंटू सिंह, राजेंद्र पंडित, रवींद्र महतो, हरिकिशोर गिरी, नरेंद्र नेता जी, नरेंद्र सिंह, शरफुद्दीन अंसारी, लवकुश साह, जितेंद्र यादव, रामलायक सिंह, नन्द लाल चौरसिया, टून मुन पांडे सहित सैकड़ों लोग थे।


