NH 922 Gajrajganj Accident: आरा-बक्सर फोरलेन जिले पर गजराजगंज ओपी के क्षेत्र के बामपाली एवं विशुनपुरा मोड़ के बीच सोमवार की शाम भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।
- हाइलाइट: NH 922 Gajrajganj Accident
- बेकाबू कार सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकराई
- घायलों में एक का सदर अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
- आरा-बक्सर फोरलेन पर पर गजराजगंज ओपी के बामपाली के समीप घटी घटना
NH 922 Gajrajganj Accident: आरा-बक्सर फोरलेन जिले पर गजराजगंज ओपी के क्षेत्र के बामपाली एवं विशुनपुरा मोड़ के बीच सोमवार की शाम भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल हो गया। घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मची रही।
जानकारी के अनुसार मृतकों में बक्सर जिले के कृष्णब्रम्ह थाना क्षेत्र के चौकिया गांव निवासी दिनेश राम का 18 वर्षीय पुत्र करण कुमार, उसी जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली बलुआ गांव निवासी उमेश प्रसाद का 18 वर्षीय पुत्र गणेश कुमार एवं नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा रामनगर मोहल्ला निवासी कमलेश प्रसाद का 18 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार शामिल है।
इसमें मृतक करण कुमार व मृतक अनिल कुमार कक्षा इंटर एवं मृतक गणेश कुमार दसवीं कक्षा का छात्र था। जबकि जख्मी नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा रामनगर निवासी ओम प्रकाश सिंह का 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार है।
बताया जाता है कि करण कुमार अपने तीनों दोस्तों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार पर सवार होकर अपने फुआ पूनम देवी के घर गौरैया स्थान रामनगर जगजीवन हाल्ट से वापस बक्सर लौट रहा था। इस दौरान वामपाली एवं बिशुनपुर मोड़ के बीच उनकी स्विफ्ट डिजायर कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस की डायल 112 वाहन, गजराजगंज थाना पहुंची। पुलिस कर्मियों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। जख्मी करण कुमार एवं गणेश कुमार ने सदर अस्पताल लाने के दौरान एवं अनिल कुमार ने पटना ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि प्रिंस कुमार का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
जख्मी प्रिंस कुमार के पिता ओम प्रकाश सिंह बीएमपी जवान है। वर्तमान में गया में कार्यरत है। इसके बाद स्थानीय थाना सदर अस्पताल पहुंची और शवो का पोस्टमार्टम करवाया। बताया जाता है कि मृतक करण कुमार अपने दो भाई व दो बहन में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां रेणु देवी व दो बहन मनीषा कुमारी, नीलू कुमारी एवं एक भाई अर्जुन कुमार है।
वही मृतक गणेश कुमार अपने दो भाइयों में बड़ा था उसके परिवार में मां ललिता देवी एवं एक भाई दुर्गेश है। जबकि तीसरा मृतक अनिल कुमार अपने दो बहन व एक भाई में बड़ा था एवं अपने मां-बाप का इकलौता चिराग था। उसके परिवार में मां पूनम देवी व दो बहन मुस्कान कुमारी एवं काजल कुमारी है। घटना के बाद मृतकों के घर में हाहाकार मच गया है। उसके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


