Ganesh Mahotsav Bihiya: नवोदय रोड स्थित जज बाजार में फ्रेंड्स क्लब पूजा समिति की ओर से पहली बार गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई।
- हाइलाइट: Ganesh Mahotsav Bihiya
- पट खुलते ही ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा बाजार गूंज उठा
बिहिया। नगर के नवोदय रोड स्थित जज बाजार में सोमवार को फ्रेंड्स क्लब पूजा समिति की ओर से गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद प्रतिमा का पट खोला गया।
पट खुलते ही पूरा बाजार ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
शाम को पूजा समिति की ओर से महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आरती कर शहर की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। महाआरती के दौरान पूजा स्थल पर काफी देर तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
समिति से जुड़े राहुल कुमार और रोहन कुमार ने बताया कि युवाओं की ओर से पहली बार गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया है। आयोजन को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। पूजा स्थल पर आकर्षक पंडाल के साथ रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष सजावट की गई है, जिससे स्थल का आकर्षण बढ़ गया है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में राहुल कुमार, रोहन कुमार, अभिषेक कुमार, पीटर कुमार उर्फ पतरस, आशिक कुमार और मोनू कुमार समेत अन्य युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

